व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर, 23 अगस्त। श्रावण मास की अंतिम सोमवारी पर थानेश्वर स्थान मंदिर में उमड़ने वाली संभावित श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा और पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से थानेश्वर स्थान मंदिर और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
प्रवेश-निकास और बैरिकेडिंग की जांच
डीएम और एसपी ने सबसे पहले मंदिर परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, संभावित भीड़ नियंत्रण, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और साफ-सफाई की स्थिति देखी।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अंतिम सोमवारी को अत्यधिक भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रवेश और निकास के लिए अलग एवं व्यवस्थित मार्ग सुनिश्चित किया जाए। पर्याप्त बैरिकेडिंग के साथ भीड़ को नियंत्रित करने की व्यवस्था पहले से पूरी रखने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
संवेदनशील स्थानों पर रहेगी कड़ी निगरानी
एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती का निर्देश दिया। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के साथ मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सीसीटीवी एवं अन्य निगरानी व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने को कहा।
उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया।
जाम रोकने के लिए ट्रैफिक और पार्किंग की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मंदिर के आसपास अनावश्यक जाम की स्थिति नहीं बनने दी जाए।
वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया, ताकि पैदल आने वाले श्रद्धालुओं को रास्ते में परेशानी नहीं हो।
सफाई से लेकर पेयजल और मेडिकल सुविधा तक इंतजाम
डीएम ने नगर निकाय और संबंधित विभागों को मंदिर परिसर व आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। पर्याप्त पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भीड़ नियंत्रण के साथ श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता और जरूरी सूचना उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

विभागों के बीच समन्वय रखने का निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीएम और एसपी ने स्पष्ट किया कि अंतिम सोमवारी पर संभावित भीड़ को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित तरीके से पूजा-अर्चना का अवसर मिले, इसके लिए सभी तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी मौजूद रहे।

*नाव दुर्घटना से बचाव को लेकर मॉक ड्रिल, 112 पर तत्काल सूचना देने की दी गई जानकारी – Doorbeen News*
नाव दुर्घटना से बचाव को लेकर मॉक ड्रिल, 112 पर तत्काल सूचना देने की दी गई जानकारी










