व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। सावन की अंतिम सोमवारी पर थानेश्वर स्थान मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने रविवार से ही विशेष इंतजाम शुरू कर दिए हैं। एसडीएम राकेश कुमार के निर्देश पर कर्पूरी बस पड़ाव के बजाय पटेल मैदान से बसों का परिचालन कराया जाएगा। वहीं शहर के कई प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को पैदल जाना होगा
अंतिम सोमवारी पर रविवार शाम से ही श्रद्धालुओं के समस्तीपुर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। भीड़ को देखते हुए पटेल मैदान गोलंबर के पास बैरिकेडिंग की गई है। यहां से शहर की ओर वाहनों का प्रवेश नियंत्रित किया जाएगा।
डीआरएम चौक से थानेश्वर स्थान मंदिर की ओर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इसी तरह नगर निगम कार्यालय के पास तीनबटिया पर भी बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी। मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित स्थान तक वाहन से पहुंचने के बाद आगे पैदल ही जाना होगा।
एसडीएम राकेश कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। शहर के अंदर अनावश्यक वाहनों के प्रवेश को रोककर भीड़ को नियंत्रित किया जाएगा।
80 से अधिक स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शहर और मंदिर क्षेत्र में 80 से अधिक स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। ये सभी रविवार से ही अपने निर्धारित स्थानों पर तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं की भीड़, कतार और यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी।
प्रशासन ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों को अतिक्रमण मुक्त कराया है। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सोमवारी के दौरान किसी भी तरह का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं के आने-जाने में परेशानी न हो।
रात 12 बजे खुलेगा मंदिर का पट, महिला-पुरुष के लिए अलग कतार
अंतिम सोमवारी को जलाभिषेक के लिए मंदिर का पट रात 12 बजे के बाद खोल दिया जाएगा। श्रद्धालुओं को निर्धारित प्रवेश द्वार से मंदिर में प्रवेश कराया जाएगा। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था रहेगी। कतार में लगकर ही श्रद्धालु जलाभिषेक कर सकेंगे।
मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों से पूरी व्यवस्था की निगरानी की जाएगी। भीड़ बढ़ने की स्थिति में पुलिस और मजिस्ट्रेट मौके पर तत्काल व्यवस्था संभालेंगे।
सेवा पंडालों में मिलेगा नाश्ता-पानी और भोजन
श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विभिन्न सेवा मंडलों की ओर से मंदिर के आसपास पंडाल लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा बिशनपुर से जितवारपुर, बहादुरपुर स्टेशन रोड होते हुए मंदिर परिसर तक भी सेवा पंडाल लगाए जा रहे हैं। यहां श्रद्धालुओं के लिए नाश्ता, पानी और भोजन की व्यवस्था रहेगी।

रास्ते में तबीयत बिगड़ी तो कैंप में होगा इलाज
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न अस्पतालों की ओर से चिकित्सा कैंप भी लगाए जाएंगे। रास्ते में किसी श्रद्धालु के घायल होने या तबीयत खराब होने पर तत्काल प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रहेगी।
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देश पर मंदिर की सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया जा रहा है। यहां एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी। गंभीर स्थिति वाले श्रद्धालुओं को डॉक्टर की सलाह पर एंबुलेंस से समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा जाएगा।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग और कतार का पालन करें, पुलिस एवं प्रशासन के निर्देशों का सहयोग करें और भीड़ में धैर्य बनाए रखें, ताकि अंतिम सोमवारी का जलाभिषेक शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा सके।
*अंतिम सोमवारी पर थानेश्वर स्थान में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, डीएम-एसपी ने संभाली कमान – Doorbeen News*
अंतिम सोमवारी पर थानेश्वर स्थान में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, डीएम-एसपी ने संभाली कमान










