व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। समस्तीपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय बेला पंचरुखी में प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत सुरक्षित शनिवार का आयोजन किया गया। इस सप्ताह कार्यक्रम का थीम “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित छात्र, सुरक्षित समाज, सुरक्षित बिहार” रखा गया।
कार्यक्रम के दौरान फोकल शिक्षिका बीवी शकीला रहमान ने विद्यार्थियों को नाव दुर्घटना एवं डूबने से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डूबने के प्रमुख कारण क्या हैं और जल स्रोतों के पास किन सावधानियों को अपनाकर हादसों से बचा जा सकता है।


नाव में सफर के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
विद्यार्थियों को नाव से यात्रा करते समय बरती जाने वाली सावधानियों, डूबते व्यक्ति को बचाने के सुरक्षित तरीकों और दुर्घटना की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों के बारे में बताया गया। बच्चों को समझाया गया कि बिना सुरक्षा के सीधे पानी में उतरकर डूब रहे व्यक्ति को बचाने का प्रयास नहीं करना चाहिए।
लाठी-रस्सी से कराया गया मॉक ड्रिल
बच्चों को व्यवहारिक जानकारी देने के लिए लाठी, रस्सी और प्लास्टिक बोतल की मदद से मॉक ड्रिल कराया गया। इसके माध्यम से डूबते व्यक्ति तक सुरक्षित तरीके से सहायता पहुंचाने का अभ्यास कराया गया।


प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार ने कहा कि नाव दुर्घटना और डूबने से बचाव की जानकारी पहले से होने पर जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में आसपास के लोगों की मदद लेने के साथ तत्काल 112 पर डायल कर प्रशासन को सूचना देनी चाहिए।
बच्चों ने लिया सुरक्षित रहने का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को प्रतिज्ञा दिलाई गई कि वे जल स्रोतों के पास सावधानी बरतेंगे, नाव से यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करेंगे तथा स्वयं के साथ दूसरों के जीवन की सुरक्षा के प्रति भी सजग रहेंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक संजीव कुमार झा, मो. सादुल्लाह, विमला कुमारी, अंजुमन शाहीन, दिवाकर कुमार सिंह, विमल कुमार साह, कैलाश राम, इंदिरा कुमारी और विभा कुमारी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने सहयोग किया।


*समस्तीपुर में ‘वित्तीय ज्ञान मेला सप्ताह’ का आयोजन, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन और वित्तीय जागरूकता का दिया संदेश – Doorbeen News*






