व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर के शिवाजीनगर के शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवाजीनगर थाना पुलिस ने रविवार की शाम और सोमवार को अलग अलग स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में देसी और विदेशी शराब बरामद की। पुलिस ने दसौत पंचायत के बन्दा गांव के मानस मंदिर के समीप से 84 लीटर देसी चुलाई शराब के साथ एक युवक को बाइक समेत गिरफ्तार किया।
वहीं भटौरा गांव में गोइठा के ढेर के बीच छिपाकर रखी गई 22.605 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। लगातार हो रही कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस टीम गश्ती पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि भटौरा गांव में भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गांव में छापेमारी शुरू की। तलाशी के दौरान गोइठा के ढेर के पास तीन बोरे मिले। पुलिस ने जब बोरों की जांच की तो उसमें विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने तीनों बोरों से कुल 22.605 लीटर विदेशी शराब जब्त की। शराब को इस तरह छिपाकर रखा गया था कि सामान्य तौर पर देखने पर किसी को संदेह नहीं हो।
इधर दसौत पंचायत के बन्दा गांव के मानस मंदिर के समीप भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 84 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की। मौके से एक युवक को बाइक समेत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान बहेरी थाना क्षेत्र के शेर बिजोलिया गांव निवासी बेचन मुखिया के पुत्र संदीप मुखिया के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार संदीप मुखिया शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के घिवाही गांव निवासी संतोष मुखिया के यहां रहकर शराब सप्लायर के रूप में काम करता था। शराब के अवैध कारोबार में उसके संलिप्त होने की सूचना पुलिस को पहले से मिली थी। इसके बाद पुलिस ने निगरानी बढ़ाते हुए कार्रवाई की।


छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदीप के कब्जे से 84 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की। शराब के परिवहन में प्रयुक्त बाइक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया। दोनों मामलों में पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। साथ ही बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। सूचना मिलने पर संबंधित क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी दल में पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार सिंह, शैलेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।


*आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन का चुनाव संपन्न, सविता अध्यक्ष व आला बनीं सचिव – Doorbeen News*
आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन का चुनाव संपन्न, सविता अध्यक्ष व आला बनीं सचिव






