व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर/उजियारपुर, 23 जुलाई। उजियारपुर प्रखंड में दलित नाबालिग छात्रा से कथित दुष्कर्म के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) की प्रखंड कमेटी के बैनर तले प्रतिरोध मार्च निकाला गया। मार्च पीड़ित परिवार के घर से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए संपन्न हुआ। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़िता को न्याय और परिवार की सुरक्षा की मांग की।
प्रतिरोध मार्च का नेतृत्व ऐपवा नेत्री प्रीति कुमारी, नीलम देवी, फूलन देवी, गुलशन आरा और गुड़िया खातून ने किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की स्पीडी ट्रायल, दोषियों को कड़ी सजा, पीड़िता के परिवार को सुरक्षा तथा 25 लाख रुपये मुआवजा देने की भी मांग की।



सभा को संबोधित करते हुए ऐपवा नेत्री एवं भाकपा (माले) राज्य कमेटी सदस्य प्रीति कुमारी ने कहा कि यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार न्याय से वंचित है।
भाकपा (माले) के वरिष्ठ नेता महावीर पोद्दार ने कहा कि मामले में अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है। वहीं भाकपा (माले) प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान ने भी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि पुलिस को निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।
कार्यक्रम में जिला कमेटी सदस्य समीम मंसूरी, प्रखंड कमेटी सदस्य धनंजय प्रकाश, मो. फरमान, भीम सहनी, संजय पासवान समेत अन्य कार्यकर्ता और पीड़िता की मां भी मौजूद रहीं।




*ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते: समस्तीपुर जंक्शन पर भटकी मूक-बधिर किशोरी को RPF ने सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाने की पहल – Doorbeen News*





