स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज, डीएम ने की समीक्षा; प्रभात फेरी से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक दिए निर्देश

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। आगामी 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस राजकीय समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी संबंधित विभागों की तैयारियों का जायजा लेते हुए समारोह को गरिमामय, भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति का पर्व है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में अपनी तैयारियां पूरी करें। उन्होंने शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए आकर्षक एवं अनुशासित प्रभात फेरी आयोजित कराने का निर्देश दिया।

पुलिस विभाग एवं पुलिस लाइन को परेड, सलामी समारोह, नियमित रिहर्सल और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए। वहीं खेल विभाग को खेलकूद प्रतियोगिताएं और कला, संस्कृति एवं युवा विभाग को राष्ट्रभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया।

जिला कल्याण पदाधिकारी को सभी महादलित टोलों में ध्वजारोहण के लिए स्थलों का चिन्हांकन करने तथा सामान्य शाखा को वहां पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। नगर आयुक्त को शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, रंग-रोगन और परिसर की स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में समारोह स्थल की साफ-सफाई, मंच व पंडाल निर्माण, पेयजल, बिजली, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, यातायात एवं पार्किंग, बैरिकेडिंग, ध्वनि व्यवस्था और अतिथियों के बैठने की व्यवस्था सहित सभी तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाओं का रिहर्सल कराने का भी निर्देश दिया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा) राजेश सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

*भावुक माहौल में निवर्तमान एसडीएम दिलीप कुमार को विदाई, नए एसडीएम राकेश कुमार का हुआ स्वागत – Doorbeen News*

भावुक माहौल में निवर्तमान एसडीएम दिलीप कुमार को विदाई, नए एसडीएम राकेश कुमार का हुआ स्वागत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *