व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालयों में प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग पीबीएल कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा बच्चों में गणित एवं विज्ञान विषय के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को मॉडल स्कूल प्लस टू उच्च विद्यालय शिवाजीनगर के सभागार में प्रखंड स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला की अध्यक्षता पूर्व बीआरपी सह प्रधानाध्यापक बालमुकुंद सिंह ने की, जबकि संचालन प्रखंड लेखपाल दिनेश कुमार ठाकुर ने किया। कार्यक्रम में प्रखंड के विभिन्न मध्य विद्यालयों से पहुंचे गणित एवं विज्ञान विषय के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला में प्रशिक्षक संजीत कुमार शर्मा, मनीष कुमार सिंह एवं शिम्पी कुमारी ने शिक्षकों को प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग की अवधारणा, उसके उद्देश्यों तथा विद्यालय स्तर पर उसके सफल क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षकों ने बताया कि नई शिक्षा व्यवस्था में केवल पुस्तकीय ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को गतिविधियों एवं परियोजनाओं के माध्यम से सीखने का अवसर देना आवश्यक है। इससे बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता, तार्किक सोच, समस्या समाधान की क्षमता तथा टीम भावना का विकास होता है। विशेष रूप से गणित और विज्ञान जैसे विषयों में प्रोजेक्ट आधारित अध्ययन बच्चों को विषयवस्तु को समझने और उसे व्यवहार में लागू करने में काफी सहायक सिद्ध होता है।
प्रशिक्षकों ने विद्यालयों में तैयार किए जाने वाले प्रोजेक्ट, उनकी योजना, मूल्यांकन प्रक्रिया तथा गतिविधियों के दस्तावेजीकरण पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही पीबीएल कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों में संपादित कार्यों एवं गतिविधियों को संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने की तकनीकी प्रक्रिया का भी चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया गया, ताकि सभी विद्यालय समय पर गुणवत्तापूर्ण प्रतिवेदन अपलोड कर सकें।


कार्यशाला के दौरान शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा प्रशिक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। वक्ताओं ने कहा कि यदि शिक्षक इस पद्धति को पूरी गंभीरता से अपनाते हैं तो विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता, आत्मविश्वास और शैक्षणिक उपलब्धियों में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम में संजय कुमार, राम किशोर प्रसाद, गुड़िया कुमारी, शिवकुमार, प्रियंका कुमारी, राम सुरेश सिंह, विकास चौधरी, परमाण कुमार, मृत्युंजय कुमार सिंह, संजना कुमारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।


*देवनपुर में भीषण सड़क हादसा: दूध वैन ने सड़क किनारे खड़ी कार को मारी जोरदार टक्कर, चालक समेत छह गंभीर घायल – Doorbeen News*







