देवनपुर में भीषण सड़क हादसा: दूध वैन ने सड़क किनारे खड़ी कार को मारी जोरदार टक्कर, चालक समेत छह गंभीर घायल

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर के शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत करियन पंचायत के देवनपुर इण्डेन गैस एजेंसी के समीप बुधवार को रोसड़ा बहेरी मुख्य मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से बहेरी की ओर से आ रही एक दूध वैन ने सड़क किनारे खड़ी कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में दूध वैन के चालक समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार में सवार अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।

घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। जानकारी के अनुसार मधुबनी जिले के चंद्रडीह गांव निवासी आठ वयस्क और एक बच्चा, कुल नौ लोग कार से बेगूसराय जिले के सिमरिया घाट गंगा स्नान कर अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान देवनपुर के इण्डेन गैस एजेंसी के समीप उनकी कार एक टेंपो के पीछे सड़क किनारे खड़ी थी। तभी बहेरी की ओर से रोसड़ा जा रही तेज रफ्तार दूध वैन अनियंत्रित होकर कार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

इस हादसे में दूध वैन के चालक आयुष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वैन का खलासी बाल-बाल बच गया। कार में सवार लोगों में कामिनी देवी, रामनारायण राउत, मनोज पंजियार सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया गया कि कामिनी देवी का पैर टूट गया है, जबकि अन्य घायलों के सिर, हाथ और शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

सभी घायलों को स्थानीय लोगों एवं ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला गया और तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में रेफर कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के समय दूध वैन काफी तेज गति से चल रही थी। आशंका जताई जा रही है कि चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ।

हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही रोसड़ा पुलिस की डायल 112 टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दूध वैन एवं कार को कब्जे में ले दिया है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

इस दुर्घटना के कारण कुछ समय तक रोसड़ा बहेरी मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर आवागमन सामान्य कराया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर अक्सर भारी वाहनों का आवागमन रहता है। यदि इस मार्ग पर गति नियंत्रण के प्रभावी उपाय किए जाएं और चालक यातायात नियमों का पालन करें तो इस तरह की दुर्घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और चिकित्सकों के अनुसार कई घायलों की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

*नहीं रहे मूर्द्धन्य साहित्यकार डाॅ रामपुनीत ठाकुर ‘तरुण’, साहित्यिक समाज के लिए अपूरणीय क्षति – Doorbeen News*

नहीं रहे मूर्द्धन्य साहित्यकार डाॅ रामपुनीत ठाकुर ‘तरुण’, साहित्यिक समाज के लिए अपूरणीय क्षति

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *