व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: मुजफ्फरपुर। जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के मकरंदपुर गांव से एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई है। कथित तौर पर शादी के लिए बार-बार रिश्ता ठुकराए जाने से मानसिक तनाव में चल रही 22 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान अंशु कुमारी, पिता पीतांबर कुमार, के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों से अंशु के लिए वर की तलाश की जा रही थी। इस दौरान 10 से अधिक परिवार उसे देखने आए, लेकिन हर बार उसके सांवले रंग को आधार बनाकर रिश्ता अस्वीकार कर दिया गया। लगातार मिल रहे इनकार से वह गहरे मानसिक तनाव में रहने लगी थी।
परिजनों ने बताया कि बुधवार को भी एक लड़का पक्ष अंशु को देखने आने वाला था। उसे आशंका थी कि इस बार भी कहीं रिश्ता टूट न जाए। इसी चिंता में मंगलवार रात उसने खाना भी नहीं खाया और अपने कमरे में चली गई।

बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने खिड़की से देखा तो अंशु का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही गायघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
एसडीपीओ अलय वत्स ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


यह घटना एक बार फिर समाज में रंग-रूप के आधार पर होने वाले भेदभाव और उससे युवाओं पर पड़ने वाले मानसिक प्रभाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। यदि किसी व्यक्ति में लंबे समय तक अवसाद, निराशा या आत्महत्या जैसे विचार दिखाई दें, तो समय रहते परिवार, मित्रों और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से सहायता लेना बेहद महत्वपूर्ण है।


*पटना के होटल में पुलिस की छापेमारी, संदिग्ध हालात में मिली 10 युवतियां; देह व्यापार का खुलासा – Doorbeen News*
पटना के होटल में पुलिस की छापेमारी, संदिग्ध हालात में मिली 10 युवतियां; देह व्यापार का खुलासा





