पटना के होटल में पुलिस की छापेमारी, संदिग्ध हालात में मिली 10 युवतियां; देह व्यापार का खुलासा

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: पटना। राजधानी पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर कथित देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान 10 युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच मानव तस्करी सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है।

पुलिस को पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि एक्जीबिशन रोड स्थित एक होटल में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के सत्यापन के बाद गठित विशेष टीम ने होटल में छापा मारा। तलाशी के दौरान कई कमरों से 10 युवतियों को सुरक्षित निकाला गया। मौके से मोबाइल फोन, कंडोम सहित अन्य सामग्री भी बरामद हुई है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि मुक्त कराई गई अधिकांश युवतियां पश्चिम बंगाल और दिल्ली की रहने वाली हैं। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है कि क्या उन्हें नौकरी का झांसा देकर पटना लाया गया और कथित तौर पर देह व्यापार में धकेला गया।

कार्रवाई के दौरान हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है। उसके बयान के आधार पर होटल संचालक, कथित दलालों और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही जब्त मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।

पुलिस ने होटल का रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर होटल प्रबंधन और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि होटल प्रबंधन की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके विरुद्ध भी मामला दर्ज किया जाएगा।

*शिवाजीनगर में प्रशासनिक फेरबदल, बीडीओ और सीओ दोनों बदले गए – Doorbeen News*

शिवाजीनगर में प्रशासनिक फेरबदल, बीडीओ और सीओ दोनों बदले गए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *