2100 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा से गूंजा खानपुर, 24 अवतार धाम चकोटी मठ में नौ दिवसीय विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। खानपुर प्रखंड क्षेत्र के कानूविशनपुर पंचायत स्थित 24 अवतार धाम चकोटी मठ में आयोजित नौ दिवसीय विष्णु महायज्ञ एवं आध्यात्मिक महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ। धार्मिक आस्था, श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत इस विशाल आयोजन में 2100 कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

सुबह से ही मठ परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में सजी कन्याएं वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और “जय श्रीराम” एवं “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच कलश यात्रा में शामिल हुईं। शोभायात्रा चकोटी मठ से निकलकर इलमासनगर, मनवाड़ा, सिरोपट्टी और पीरखपुर सहित विभिन्न गांवों से होते हुए बूढ़ी गंडक नदी के संगम घाट पहुंची।

संगम घाट पर विद्वान आचार्यों और पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा का पूजन कराया। इसके बाद सभी कलशों में पवित्र जल भरकर गाजे-बाजे, घुड़सवारों, आकर्षक रथों और धर्मध्वजाओं के साथ विशाल यात्रा कोठिया, कादरचक और इलमासनगर होते हुए पुनः चकोटी मठ पहुंची।

मठ परिसर में वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार कलश स्थापना की गई, जिसके साथ ही नौ दिवसीय विष्णु महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ। पूरे क्षेत्र में “हरि नाम”, “जय श्रीराम” और “राधे-राधे” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

महायज्ञ के आयोजक एवं मंदिर के महंत महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 बाबा राम सेवक दास जी महाराज ने बताया कि इस नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से संत-महात्माओं का आगमन हो रहा है। श्रद्धालुओं और संतों के लिए विशाल महाभंडारे की व्यवस्था की गई है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रतिदिन शाम 4 बजे से 8 बजे तक संतों द्वारा प्रवचन एवं सत्संग का आयोजन किया जाएगा। वहीं रात्रि में वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य रासलीला का मंचन प्रस्तुत किया जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित जिला पार्षद स्वर्णिमा सिंह ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि महायज्ञ एवं मेले को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल है। श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए टावर झूला, मौत का कुआं, मीना बाजार सहित विभिन्न आकर्षणों की व्यवस्था की गई है। साथ ही पेयजल, स्नानागार, शौचालय, भोजन एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था भी की गई है।

इस अवसर पर रामावतार सिंह, 20 सूत्री अध्यक्ष राम नारायण सिंह, पूर्व 20 सूत्री अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष बम भोला सिंह, अजय कुमार कुशवाहा, डॉ. लाल बाबू, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. शिव प्रकाश पंडित, सुजीत कुमार, विकास कुमार चौधरी, श्याम जयसवाल, जयराम सहनी, पवन कुमार मेहता सहित बड़ी संख्या में साधु-संत, श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

*समस्तीपुर में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत किसानों को मिली वैज्ञानिक खेती की जानकारी, बेझडीह पंचायत में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित – Doorbeen News*

समस्तीपुर में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत किसानों को मिली वैज्ञानिक खेती की जानकारी, बेझडीह पंचायत में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *