मानसून ने दी दस्तक, 13 से 15 जून के बीच मेघगर्जन और हल्की बारिश के आसार

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: पूसा, समस्तीपुर। डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार बिहार में मानसून का प्रवेश हो चुका है। इसके प्रभाव से 13 से 17 जून तक उत्तर बिहार के अधिकांश क्षेत्रों में आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 13 से 15 जून के बीच मेघगर्जन, वज्रपात तथा तेज झोंकेदार हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश की भी संभावना जताई गई है। हालांकि कमजोर मौसमीय प्रणाली के कारण व्यापक और अच्छी वर्षा की संभावना फिलहाल कम है।

तापमान में आएगी गिरावट

पूर्वानुमान अवधि के दौरान अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि बेगूसराय और सारण में यह 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

हवा मुख्य रूप से पूर्वी दिशा से 12 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। सुबह में सापेक्षिक आर्द्रता 75 से 80 प्रतिशत तथा दोपहर में 33 से 35 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

किसानों के लिए महत्वपूर्ण सलाह

धान: मध्यम अवधि वाली किस्मों जैसे संतोष, सीता, सरोज, सहभागी धान, राजेन्द्र श्वेता तथा सुगंधित किस्मों राजेन्द्र सुवासिनी, राजेन्द्र कस्तूरी एवं राजेन्द्र भगवती का बिचड़ा तैयार करने का उपयुक्त समय है।

सब्जियां: भिंडी, खीरा, नेनुआ, लौकी और कद्दू की फसलों में निराई-गुड़ाई करें तथा कीटों की नियमित निगरानी रखें। प्रकोप होने पर अनुशंसित दवाओं का छिड़काव करें।

मिर्च: विषाणु (वायरस) प्रभावित पौधों को उखाड़कर नष्ट करें और रोग नियंत्रण के लिए इमिडाक्लोप्रिड का छिड़काव करें।

हल्दी एवं अदरक: किसान राजेन्द्र सोनिया, राजेन्द्र सोनाली, मरान और नदिया जैसी अनुशंसित किस्मों की बुआई कर सकते हैं। बुआई से पहले बीज उपचार अवश्य करें।

गन्ना: फसल में नत्रजन एवं फ्यूराडान का प्रयोग कर मिट्टी चढ़ाने का कार्य करें।

ओल: उत्तर बिहार के लिए गजेन्द्र किस्म की रोपाई शीघ्र पूरी करने की सलाह दी गई है।

लीची: फल तुड़ाई के बाद बगीचों की छंटाई एवं साफ-सफाई करें ताकि रोग एवं कीटों का प्रकोप कम हो सके।

सिंचाई फिलहाल रोकने की सलाह

वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि हाल की वर्षा और मानसून के आगमन को देखते हुए फिलहाल सिंचाई कार्य स्थगित रखें। साथ ही सब्जियों और अन्य फसलों के खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें ताकि जलजमाव से नुकसान न हो। गरमा मूंग और स्वीट कॉर्न जैसी कटी हुई फसलों को अच्छी तरह सुखाकर सुरक्षित स्थान पर भंडारित करने की भी सलाह दी गई है।

मौसम वेधशाला पूसा के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 1.6 और 3.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

 

*विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर समस्तीपुर स्टेशन पर जागरूकता अभियान – Doorbeen News*

विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर समस्तीपुर स्टेशन पर जागरूकता अभियान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *