व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर : रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र के बंगराहा इलाके में बूढ़ी गंडक नदी पर एक और उच्च स्तरीय आरसीसी पुल (एचएल ब्रिज) के निर्माण की दिशा में विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह जानकारी बिहार विधानसभा में रोसड़ा के भाजपा विधायक वीरेंद्र कुमार द्वारा उठाए गए प्रश्न के जवाब में पथ निर्माण विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए प्रतिवेदन में दी गई है।
विधानसभा में विधायक वीरेंद्र कुमार ने बंगराहा क्षेत्र में आवागमन की समस्याओं और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए बूढ़ी गंडक नदी पर एक अतिरिक्त पुल के निर्माण का मुद्दा उठाया था। इसके बाद पथ निर्माण विभाग के रोसड़ा पथ प्रमंडल द्वारा स्थल निरीक्षण कर विस्तृत प्रतिवेदन सरकार को सौंपा गया।


प्रतिवेदन के अनुसार संबंधित स्थल पर पहले से एक उच्च स्तरीय आरसीसी पुल एवं उसके दोनों ओर संपर्क पथ का निर्माण कराया जा चुका है, जिससे स्थानीय लोगों का आवागमन सुचारू रूप से हो रहा है। हालांकि क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए वर्तमान पुल के डाउनस्ट्रीम हिस्से में एक और उच्च स्तरीय आरसीसी पुल के निर्माण की योजना पर विभाग कार्य कर रहा है।
विभाग का मानना है कि नए पुल के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी, साथ ही व्यापार, कृषि एवं अन्य विकास गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। 29 मई 2026 को तैयार इस प्रतिवेदन को विभागीय उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है।
विधानसभा में मामला उठने और सरकार की ओर से सकारात्मक जवाब मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों में दूसरे पुल के निर्माण को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नया पुल बनने से यातायात का दबाव कम होगा और आसपास के गांवों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।




*मानसून ने दी दस्तक, 13 से 15 जून के बीच मेघगर्जन और हल्की बारिश के आसार – Doorbeen News*
मानसून ने दी दस्तक, 13 से 15 जून के बीच मेघगर्जन और हल्की बारिश के आसार





