भाजपा के एमएलसी ने किया भूमिपूजन, 2.50 करोड़ की लागत से बनेगा पंचायत सरकार भवन

व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें

Samastipur News। जिला मुख्यालय से सटे हकीमाबाद पंचायत में पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत शुक्रवार को भूमि पूजन के साथ की गई। भाजपा के विधान परिषद सदस्य डॉ. तरुण चौधरी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

करीब 2.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पंचायत सरकार भवन को छह माह के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। भूमिपूजन के अवसर पर हकीमाबाद पंचायत के मुखिया सुनील कुमार शोले ने एमएलसी के साथ ईंट रखकर एवं ध्वजारोपण कर कार्यारंभ किया।

पंचायत सरकार भवन के निर्माण हेतु गौनहर नवादा मठ के महंत ज्ञानानंद गोस्वामी ने न्यास बोर्ड की अनुमति प्राप्त कर भूमि दान की है।
भूमिपूजन के बाद पत्रकारों से बातचीत में डॉ. तरुण चौधरी ने कहा कि हकीमाबाद पंचायत में पंचायत सरकार भवन के अभाव में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता था। भवन निर्माण के बाद लगान जमा करने, जाति, आय, आवासीय प्रमाण पत्र सहित पंचायत से जुड़े अधिकांश कार्य एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकेंगे।

मुखिया सुनील कुमार शोले ने कहा कि लंबे समय से पंचायत सरकार भवन निर्माण का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। महंत द्वारा भूमि उपलब्ध कराने के बाद अब निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य की निगरानी के लिए ग्रामीणों की एक समिति गठित की गई है, जो गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करेगी।

साथ ही क्षेत्र में जल्द ही एपीएचसी (अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) निर्माण की दिशा में भी पहल की जाएगी।
इस अवसर पर मृत्युंजय ठाकुर, रामाधार सिंह, राजीव कुमार, अफजल खान, अजय कुमार पिंटू, रोशन कुमार, कुंदन कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

*पूसा में 1.50 एकड़ के आम बगीचे में तोड़फोड़, 55 से अधिक पेड़ काटे गए – Doorbeen News*

पूसा में 1.50 एकड़ के आम बगीचे में तोड़फोड़, 55 से अधिक पेड़ काटे गए

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *