व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें
Samastipur News। समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मागतपुर बथुआ गांव में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। अज्ञात उपद्रवियों ने लगभग 1.50 एकड़ में फैले आम के बगीचे में घुसकर 55 से अधिक आम के पेड़ों को काटकर नष्ट कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और किसानों तथा ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
पीड़ित किसान सौरभ कुमार ने बताया कि उन्होंने करीब पांच वर्षों की मेहनत और देखभाल से इस बगीचे को तैयार किया था। अब पेड़ों में फल आने का समय था और इसी सीजन से परिवार को अच्छी आमदनी की उम्मीद थी। उन्होंने भावुक होकर कहा कि क्षेत्र के अधिकांश किसान आम की खेती पर निर्भर हैं और इसी से उनके परिवार का भरण-पोषण होता है।



जब किसान अपने बगीचे में पहुंचे तो कटे हुए पेड़ों को देखकर स्तब्ध रह गए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र पहचान कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलने पर बिहार पुलिस की स्थानीय टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित किसान ने वरीय अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसानों का प्रशासन पर से भरोसा कमजोर पड़ सकता है।
फिलहाल पुलिस अज्ञात उपद्रवियों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।



*विजय कुमार चौधरी पटना और नालंदा जिले के प्रभारी मंत्री बने तो दामोदर रावत समस्तीपुर के, किस जिले के कौन बने देखें सूची – Doorbeen News*






