व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Samastipur News: सिंघिया थाना अंतर्गत विष्णुपुरडीहा गांव में शराब तस्कर की गिरफ्तारी को गई पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में दो जमादार सहित एक सिपाही घायल हो गए। वहीं, दूसरी ओर आरोपित पक्ष के परिजनों ने भी पुलिस पर घर में घुसकर महिलाओं व बुजुर्गों के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है।
घटना में घायल पुलिसकर्मियों में जमादार सुभाष यादव, किशन कुमार एवं सिपाही पंकज कुमार शामिल हैं। वहीं घायल होने वालों में बुजुर्ग रवि सिंह, रंजीत सिंह की पत्नी बिजली देवी तथा चंदन सिंह की पत्नी मुन्नी कुमारी का नाम सामने आया है। जिसमें एक बुजुर्ग का सिर फटने से खून बहता हुआ वीडियो में देखा जा सकता है।


जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व सिंघिया थाना पुलिस एवं उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने विष्णुपुरडीहा गांव में छापेमारी कर एक ट्रक से करीब चार हजार लीटर अवैध शराब बरामद की थी। इस मामले में गांव के सत्यम कुमार सिंह की संलिप्तता सामने आई थी। इसी आधार पर पुलिस टीम रात में उसे गिरफ्तार करने के लिए उसके घर पहुंची थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जैसे ही पुलिस टीम गांव में पहुंची, आरोपित के परिजनों एवं ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
इस दौरान पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया, जिससे तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसी अफरातफरी का फायदा उठाकर आरोपित सत्यम कुमार सिंह छत के रास्ते फरार हो गया। काफी प्रयास के बावजूद पुलिस उसे पकड़ने में असफल रही और बाद में टीम को वापस लौटना पड़ा।

वहीं, घटना के बाद दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने बिना किसी महिला पुलिसकर्मी के घर में घुसकर महिलाओं व बुजुर्गों के साथ मारपीट की, जबकि पुलिस का कहना है कि टीम पर पहले हमला किया गया था।
इस संबंध में रोसड़ा के डीएसपी संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि पुलिस टीम चार हजार लीटर शराब बरामदगी मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गई थी। इसी दौरान पुलिस पर हमला कर दिया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि धक्का मुक्की के दौरान एक बुजुर्ग गिर गए थे, जिससे उन्हें चोट लगी। पुलिस पर लगाए गए मारपीट के आरोप निराधार हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



*सहरसा में मिड डे मील खाने के बाद 400 से ज्यादा बच्चे बीमार – Doorbeen News*





