व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें
Samastipur News: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत रहटौली एवं मधुरापुर पंचायत में 19 मई को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर को सफल बनाने को लेकर गुरुवार को रहटौली एवं मधुरापुर पंचायत सरकार भवन में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में रोसड़ा एसडीओ संदीप कुमार, बीडीओ आलोक कुमार सिंह एवं बीपीआरओ नाजिश प्रवीण ने जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों एवं आम लोगों के साथ विस्तार से चर्चा की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को सहयोग शिविर की उपयोगिता से अवगत कराना तथा अधिक से अधिक लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करना था। बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ संदीप कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम लोगों को छोटी छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि दोनों पंचायतों के लोग 19 मई से पहले ही अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन अपने पंचायत सरकार भवन में जमा कर दें, ताकि शिविर के दिन तक उनके मामलों का निष्पादन किया जा सके। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, भूमि विवाद, पेयजल, नल-जल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित किसी भी विभाग से जुड़ी समस्या होने पर आवेदन देकर उसका समाधान प्राप्त किया जा सकता है।


एसडीओ ने कहा कि सहयोग शिविर सरकार और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक बेहतर माध्यम है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे घर-घर जाकर लोगों को शिविर के बारे में जागरूक करें तथा जिन लोगों की समस्याएं लंबित हैं, उन्हें आवेदन देने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे और लोगों की समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। बीडीओ आलोक कुमार सिंह ने कहा कि प्रखंड प्रशासन की ओर से शिविर की तैयारी शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर लोगों को आवेदन जमा करने एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी जा रही है, ताकि शिविर में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं बीपीआरओ नाजिश प्रवीण ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका इस कार्यक्रम में काफी महत्वपूर्ण है। जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सकेगा। बैठक के दौरान उपस्थित लोगों को सहयोग शिविर की प्रक्रिया, आवेदन जमा करने की व्यवस्था एवं विभिन्न विभागों की सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। इस मौके पर मुखिया प्रेम कुमार सहनी, भरत सिंह, नटवर राय, रामचंद्र सिंह, दुखा मुखिया, पंचायत सचिव प्रमोद राय सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत कर्मी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।


*सिंघिया में शराब तस्कर की गिरफ्तारी को गई पुलिस टीम पर हमला, तीन पुलिसकर्मी जख्मी – Doorbeen News*
सिंघिया में शराब तस्कर की गिरफ्तारी को गई पुलिस टीम पर हमला, तीन पुलिसकर्मी जख्मी





