समस्तीपुर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर “सीवी रमन टैलेंट सर्च इन साइंस परीक्षा–2025” का भव्य आयोजन

व्हाट्सएप से जुडने के लिए यहां क्लीक करें

समस्तीपुर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर “सीवी रमन टैलेंट सर्च इन साइंस परीक्षा–2025” का भव्य आयोजन

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, समस्तीपुर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर “सीवी रमन टैलेंट सर्च इन साइंस परीक्षा–2025” का भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम बिहार सरकार के विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों से कक्षा 6 से 10 तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपक कुमार मंडल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने उद्घाटन संबोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रयोग, अनुसंधान और नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि विज्ञान ही विकसित भारत का आधार है।

समारोह के मुख्य अतिथि सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) समस्तीपुर श्री दिलीप कुमार ने अपने संबोधन में महान वैज्ञानिक सी.वी. रमन के योगदान को याद करते हुए बताया कि 28 फरवरी को रमन प्रभाव की खोज के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि आज के छात्र ही कल के वैज्ञानिक, अभियंता और नवप्रवर्तक हैं, जो देश को आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से सशक्त बनाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बने रहने, प्रश्न पूछने और नई खोजों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंच से विजेताओं के नामों की घोषणा के साथ ही अभिभावकों और शिक्षकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

इस आयोजन के सफल संचालन एवं समन्वय में प्रो. अभय कुमार, राजेश कुमार, मुकेश कुमार, धनंजय कुमार एवं डॉ. सोमलता कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थी, अभिभावक एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में प्राचार्य एवं मुख्य अतिथि ने सभी पुरस्कृत विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण और समग्र विकास के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *