समस्तीपुर में 19 वर्षीय युवक को मारी गोली, बीएड कॉलेज के पास का रहने वाला है घायल युवक, पुलिस जांच में जुटी

व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

समस्तीपुर में 19 वर्षीय युवक को मारी गोली, बीएड कॉलेज के पास का रहने वाला है घायल युवक, पुलिस जांच में जुटी

दूरबीन न्यूज डेस्क। समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकनूर रोड में बाइक सवार बदमाशों ने एक 19 वर्षीय युवक को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मौके पर मौजूद दोस्तों ने आनन-फानन में घायल युवक को समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सक संतोष कुमार झा ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घायल युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के बीएड कॉलेज के पास निवासी राकेश सिंह के पुत्र 19 वर्षीय वरुण सिंह के रूप में हुई है। वरुण को गोली दाहिने हाथ के पीछे हिस्से में लगी है। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह अपने दोस्तों के साथ चकनूर रोड पर मौजूद था। घटना के बाद वरुण के दोस्तों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उन्होंने गोली चलाने वाले और विवाद के कारणों को लेकर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।

सूचना मिलते ही नगर थाना अध्यक्ष शिवकुमार यादव सदर अस्पताल पहुंचे। एएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि घायल युवक को किसने और क्यों गोली मारी, इसका फिलहाल स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अस्पताल पहुंचने से पहले ही घायल को रेफर किया जा चुका था। घटनास्थल और आसपास के इलाकों की छानबीन की जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।