21 ट्रेनों की 27 पार्सल यूनिट हेतु निविदा से पूर्व व्यापारियों के साथ प्री- बिड बैठक का सफल आयोजन

व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

21 ट्रेनों की 27 पार्सल यूनिट हेतु निविदा से पूर्व व्यापारियों के साथ प्री- बिड बैठक का सफल आयोजन

दूरबीन न्यूज डेस्क। पूर्व मध्य रेल, सोनपुर मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा 21 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में 27 पार्सल यूनिटों के लिए नवीन लीज निविदा प्रक्रिया दिनांक 26 जून 2025 को आयोजित की जा रही है।

इस निविदा प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यावसायिक हितों के अनुरूप तथा व्यापक प्रतिस्पर्धा युक्त बनाने हेतु, दिनांक 25 जून 2025 को एक प्री-बिड बैठक (Pre- Bid Meeting) का आयोजन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री रौशन कुमार की अध्यक्षता में किया गया। इस बैठक का संचालन सहायक वाणिज्य प्रबंधक (पार्सल) श्री पंकज कुमार ने किया।

बैठक की मुख्य विशेषताएँ:

▪ इस बैठक में सोनपुर मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लगभग 50 व्यापारी एवं संभावित लीज धारक उपस्थित थे।
▪ वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महोदय ने निविदा से पहले उपस्थित व्यापारियों से सीधे संवाद किया, उनकी समस्याएँ, सुझाव एवं व्यावहारिक कठिनाइयाँ ध्यानपूर्वक सुनीं।
▪ व्यापारियों ने पार्सल यूनिट संचालन के दौरान आने वाली चुनौतियों जैसे- पार्सल लोडिंग समय, रैक पहुंच व्यवस्था, पारदर्शिता, और अनुबंध शर्तों में सुधार से संबंधित बिंदु उठाए।

प्रबंधन का उत्तरदायित्वपूर्ण रुख:
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महोदय ने व्यापारियों की सभी समस्याओं पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वस्त किया कि उनके सुझावों को यथासंभव निविदा प्रक्रिया में समाहित किया जाएगा एवं समस्याओं के समाधान हेतु उचित कदम उठाए जाएंगे।

स्थानीय किसानों एवं व्यापारियों के लिए सूचना:

सोनपुर मंडल की ओर से इस अहम मीटिंग का उद्देश्य स्थानीय किसानों को उनके उत्पादों के परिवहन एवं विपणन में अधिक सुविधा प्रदान करना है। इससे न केवल किसानों को अपने सामान को दूर- दराज के बाजारों तक भेजने में आसानी होगी, बल्कि उन्हें उनके उत्पादों का उचित बाजार मूल्य भी प्राप्त हो सकेगा। इस पहल से क्षेत्रीय कृषि व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
साथ ही सोनपुर मंडल सभी रिलीज़ होल्डर किसानों और व्यापारियों से अपील करता है कि वे अधिक से अधिक संख्या में टेंडर में भाग लें और इस प्रयास को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

उद्देश्य:
इस बैठक का उद्देश्य लीज नीति के तहत पार्सल व्यवसाय को प्रोत्साहन देना, पार्सल लीजधारकों के साथ विश्वास एवं संवाद कायम करना, तथा रेलवे को साझेदारी के माध्यम से अधिक राजस्व प्राप्ति की दिशा में अग्रसर करना है।

यह पहल ” ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस ” की दिशा में सोनपुर मंडल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है और व्यापारिक समुदाय एवं रेलवे के बीच सहयोग को और सशक्त बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है।