हाइवा की चपेट में आने से पिता की मौत, पुत्र हुआ जख्मी, मटिऔर स्थित निर्माण कंपनी के प्लांट के पास हुई घटना

व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

हाइवा की चपेट में आने से पिता की मौत, पुत्र हुआ जख्मी, मटिऔर स्थित निर्माण कंपनी के प्लांट के पास हुई घटना

दूरबीन न्यूज डेस्क। मिट्टी लदे हाइवा ट्रक की चपेट में आने से सोमवार को पिता की मौत हो गई और पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना निर्माणाधीन बख्तियारपुर-ताजपुर फोरलेन पुल सह सड़क के निकट मटिऔर स्थित निर्माण कंपनी के प्लांट के नजदीक हुई। मृतक की पहचान मटिऔर के ही नरेन्द्र कुमार सिंह (68) के रूप में हुई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि नरेन्द्र और उनका बड़ा पुत्र राजीव कुमार सिंह एक ही बाइक से गंगा स्नान कर घर लौट रहे थे। प्लांट के नजदीक मिट्टी से लदा हाइवा बैक करने के दौरान बाइक को चपेट में ले लिया। बाइक के पिछले भाग पर हाइवा का चक्का चढ़ गया, जिससे पिता पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हो गये। हाइवा को लेकर ड्राइवर तेजी से भागा, जिससे आगे खड़ी एक चार चक्का गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गयी। उसके बाद ड्राइवर कूद कर भाग गया। गंभीर रूप से जख्मी पिता पुत्र को मोहीउद्दीन अस्पताल लाया गया। जहां से दोनों को पटना रेफर कर दिया गया। पटना जाने के क्रम में नरेन्द्र की मौत हो गई। वहीं राजीव को उपचार के लिए पटना में भर्ती कराया गया।

इधर उग्र ग्रामीण लाश को प्लांट के गेट के पास रखकर कंस्ट्रक्शन कंपनी के बड़े अधिकारी को घटनास्थल पर आने और उचित कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। सूचना पर मोहनपुर पुलिस पहुंची। शाम चार बजे के करीब गांव के गणमान्यों की मध्यस्थता से कंस्ट्रक्शन कम्पनी के अधिकारियों के साथ हुई बातचीत हुई। तब पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेजा। मोहनपुर थानाध्यक्ष अजीत त्रिवेदी ने बताया कि इस संबंध में मृतक के परिजनों की ओर से कोई आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।