रफ्तार का कहर : अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत, कैमूर का रहने वाला था, ट्रक चालक फरार

व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

रफ्तार का कहर : अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत, कैमूर का रहने वाला था, ट्रक चालक फरार

दूरबीन न्यूज डेस्क। समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंघियाघाट बाजार मुख्य पथ पर ट्रक की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। अस्पताल ले जाने के क्रम में उसने दम तोड़ दिया। युवक की पहचान कैमूर जिले के नहरौल निवासी अमरनाथ पासवान के पुत्र विशाल कुमार (22) के रूप में की गई।

बताया जाता है कि विशाल सिंघियाघाट के पानी व्यवसायी दिलीप कुमार के यहां रहकर टैम्पू से घर-घर पानी पहुंचाने का काम करता था।

साथ ही पानी फैक्ट्री में रहकर मजदूरी करता था। सोमवार को उसकी तबियत दोपहर बाद खराब हो गई तो वह टैम्पू लगाकर दवा लाने बाजार गया था। इसी क्रम में रोसड़ा की ओर से आ रही ट्रक की चपेट में वह आ गया। आनन फानन में ग्रामीणों ने उपचार के लिए उसे सीएचसी विभूतिपुर में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीरावस्था में सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया।

सदर अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि विशाल करीब एक वर्ष से पानी व्यवसायी दिलीप के यहां रहकर मजदूरी करता था और लोगो को घर घर पानी पहुंचाने का भी काम करता था।

उसके परिवार के कोई भी सदस्य यहां नहीं रहते हैं परंतु उसके गांव के कुछ लोग वर्षों से यहां रहकर मजदूरी करते हैं। विशाल के मृत घोषित किए जाने की पुष्टि पानी व्यवसायी दिलीप ने भी करते हुए बताया कि एक माह पूर्व ही वह घर से आया था। एक दो दिन में वह घर जाने वाला भी था। परंतु बीच में ही यह दुर्घटना हो गई। उन्होंने बताया कि लाश का पोस्टमार्टम हो गया है अब उसे घर कैमूर उसके अन्य साथियों के साथ भेजा जा रहा है। इधर घटना के बाद ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया।