बिहार में रफ्तार का कहर, स्कार्पियो व बाइक के बीच हुई टक्कर में बारात जा रहे बेगूसराय के तीन युवक की मौत

व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें

बिहार में रफ्तार का कहर, स्कार्पियो व बाइक के बीच हुई टक्कर में बारात जा रहे बेगूसराय के तीन युवक की मौत

दूरबीन न्यूज डेस्क। बिहार के समस्तीपुर में  गुरुवार (12 जून, 2025) की देर रात बाइक सवार तीन दोस्तों की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना रोसड़ा थाना क्षेत्र स्थित डाकबंगला चौक की है। तीनों दोस्त एक ही बाइक से थे। रात स्कॉर्पियो और बाइक के बीच हुई टक्कर में यह घटना हुई है। मृतकों की पहचान अनुज कुमार, सुजीत उर्फ दिलखुश और पतलू के रूप में हुई है।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। बताया गया कि ये सभी युवक एक दोस्त की बारात में शामिल होकर वापस अपने घर बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के फफौत गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रात के करीब एक बजे मुजफ्फरपुर नंबर (बीआर 06 पीई 5926) की स्कॉर्पियो गाड़ी से जोड़दार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो पर सवार लोग गाड़ी छोड़कर ड्राइवर सहित फरार हो गए।

सदर अस्पताल पहुंचे एक मृतक के परिजन (दादा) बलदेव राय ने बताया कि सभी उनकी बेटी के यहां हो रही नाती की शादी से लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक अनुज कुमार के भाई राज कुमार राय ने बताया कि बीती रात सभी एक बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मिथिला डेयरी के समीप तेज रफ्तार से आ रही स्कॉर्पियो ने जोड़दार टक्कर मार दी। सबकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इस हृदय विदारक घटना के बाद उनके परिजनों में कोहराम मच गया है। सबका रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। घटना रोसड़ा थाना क्षेत्र स्थित डाकबंगला चौक की है।