दूरबीन न्यूज डेस्क, समस्तीपुर। हाजीपुर व मुजफ्फरपुर स्टेशन के बीच ट्रेन संख्या 14650 डाउन सरयु यमुना एक्सप्रेस में एक बैंक कर्मी के साथ स्कार्ट पार्टी के बीच हुई झड़प व दुर्व्यवहार मामले की शिकायत की गयी।
घटना सात अप्रैल के रात की बतायी गयी है। बैंक कर्मी के द्वारा रेल थाना समस्तीपुर में दी गयी लिखित शिकायत के बाद जांच टीम गठित किया गया है।


रेल एसपी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि समस्तीपुर रेल डीएसपी को पूरे मामले की जांच करने का आदेश दिया गया है। साथ ही जांच प्रतिवेदन में स्कॉट पार्टी के विरुद्ध लगाए गए आरोप दुर्व्यवहार की
पुष्टि होने पर उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की बात कही है। इधर, डीआरएम विनय कुमार श्रीवास्तव ने भी आरपीएफ एसी आशीष कुमार से इस संबंध में जांच करने का निर्देश दिया है।


मिली जानकारी के अनुसार समस्तीपुर एसबीआई में कार्यरत बैंक कर्मी अभिषेक कुमार सात अप्रैल की रात में सरयु यमुना एक्सप्रेस से छपरा से समस्तीपुर आ रहे थे।
इसी क्रम में हाजीपुर एवं मुजफ्फरपुर के बीच ट्रेन में मौजूद पुलिस स्कॉर्ट पार्टी के द्वारा बहस और झड़प हुई। जिसकी शिकायत रेल थानाध्यक्ष समस्तीपुर से की गयी।


हालांकि आवेदन में बैंक कर्मी ने लिखा है कि अब हमें कोई शिकायत नहीं है। जबकि सोशल मीडिया पर मारपीट व 60 हजार रुपए लूटने की बात सामने आयी।
इसके बाद रेल एसपी ने रेल थानाध्यक्ष हाजीपुर से सम्पर्क किया कर पूरी घटना की जानकारी ली। जिसमें स्कॉर्ट पार्टी से बैंक कर्मी द्वारा गलत व्यवहार किया गया था, जिस कारण स्कार्ट पार्टी के साथ इनका बहस भी हुआ था।

प्रथम दृष्टया में बैक कर्मी द्वारा लगाये गये आरोप को गलत पाया गया। फिर भी मामले की गंभीरता को समझते हुये सभी बिन्दुओं पर जांच कर प्रतिवेदन 24 घंटा में समर्पित करने का निर्देश रेल डीएसपी को दिया गया है। जांच रिपोर्ट के बाद अग्रतर कार्रवाई की जाएगी। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।






