समस्तीपुर। समस्तीपुर शहर के रेलवे इंद्रा स्टेडियम जाने वाली सड़क काफी जर्जर हो गयी है। वहीं पिछले काफी दिनों से जल जमाव के कारण सड़क पर भी जल जमाव हो गया है। जिसके कारण सड़क धीरे-धीरे और जर्जर होता जा रहा है। नतीजतन आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। खासकर स्कूली बच्चों एवं मॉर्निंग वॉक पर जाने वाले को जर्जर सड़क व सड़क में जगह-जगह जलजमाव के कारण अधिक कठिनाईयों का सामना करना होता है। बतादें कि यह सड़क डीआरएम आवास के बगल से होकर इंद्रा स्टेडियम, केंद्रीय विद्यालय होते हुए चांदवारी मोहल्ला तक जाता है। जिसमें कुछ भाग रेलवे तो अधिकांश भाग नगर निगम के अंदर आता है।



बताया जाता है कि रेलवे इंदिरा स्टेडियम रोड में जलापूर्ति के लिए लगाए गए पाइप भी कई जगह क्षतिग्रस्त है। जिसके कारण हमेशा पानी निकलता रहता है। लोगों की माने तो जब-जब मोटर पंप स्टार्ट होता है और पानी की आपूर्ति की जाती है तो जगह-जगह पाइप लीकेज होने के कारण पानी की बर्बादी के साथ-साथ सड़क पर जल जमाव भी हो जाता है। जिसके कारण भी सड़क जर्जर हो रहा है। बताया जाता है कि पिछले कई वर्षों से सड़क का मरम्मत भी नहीं कराया गया है नतीजेतन लोगों को परेशानी हो रही है।








