दरभंगा। समस्तीपुर रेल मंडल के समस्तीपुर दरभंगा रेलखंड के दोहरीकरण कार्य में हो रहे विलंब को लेकर जांच का आदेश दिया गया है। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री व झंझारपुर विधायक नीतीश मिश्रा के पत्र के आलोक में जांच का आदेश दिया गया है। इसको लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दरभंगा-लहेरियासराय रेलखंड के दोहरीकरण कार्य की विस्तृत जांच का निर्देश दिया है। इसकी सूचना उन्होंने विधानसभा की शून्यकाल समिति के सभापति सह झंझारपुर के विधायक सह पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री नीतीश मिश्रा को पत्र के माध्यम से दी है।


विधायक श्री मिश्रा के अनुसार रेल मंत्री को दरभंगा-समस्तीपुर रेलखंड का दोहरीकरण कार्य पूर्ण करते हुए दोनों ट्रैकों पर ट्रेनों का परिचालन शुरू करने के संबंध में गत 12 जुलाई को पत्र लिखा गया था। उस पत्र में कहा गया था कि इस काम के पूर्ण होने का लक्ष्य जुलाई 2019 निर्धारित था। काम में आ रही शिथिलता को देखते हुए रेलवे ने इसे तीन चरणों में पूर्ण करने का निर्णय लिया। पहले चरण में समस्तीपुर से किशनपुर के बीच 10.5 किलोमीटर, दूसरे चरण में दरभंगा से थलवारा के बीच 9.5 किलोमीटर व तीसरे चरण में थलवारा से किशनपुर 18 किलोमीटर का काम पूरा करना था।


रेल मंत्रालय ने पुन कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य जुलाई 2022 निर्धारित किया, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी दोहरीकरण कार्य पूर्ण नहीं होने से आम जनों में काफी मायूसी है। इस पत्र के प्रतिउत्तर में रेल मंत्री ने पत्र के माध्यम से विधायक श्री मिश्रा को जानकारी दी है कि मामले की जांच करने के लिए संबंधित निदेशालय को निर्देशित कर दिया गया है। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. निर्भय शंकर भारद्वाज ने पूर्व मंत्री के इस कार्य के लिए उनका आभार व्यक्त किया है।


विदित हो कि तीन दिन पूर्व डीआरएम विनय श्रीवास्तव ने भी अपनी टीम के साथ समस्तीपुर दरभंगा रेल खंड के दोहरीकरण कार्यों का गहन निरीक्षण किया था। इस दौरान रामभद्रपुर से थलवाड़ा के बीच चल रहे दोहरीकरण निर्माण कार्य के बारे में भी कई जानकारी अधिकारियों से ली। साथ ही दोहरीकरण कार्य में आने वाली परेशानी या कमियों पर फोकस करते हुए उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किया। बता दे की समस्तीपुर दरभंगा रेल खंड पर रामभद्रपुर से थलवाड़ा के बीच दोहरीकरण कार्य पूरा नहीं हो सका है।





