समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड के फुलहारा चौक पर सोमवार की देर शाम पैसे के लेनदेन के विवाद में कुछ लोगों ने दरभंगा जिला के बिरौल प्रखंड की बैरमपुर पंचायत के मुखिया सरोज कुमार चौधरी की जमकर पिटाई कर दी। इसकी जानकारी मिलते ही मुखिया के समर्थक बड़ी संख्या में फुलहारा चौक पर पहुंच गये। इससे फुलहारा और बैरमपुर गांव के लोंगो के बीच तनाव उत्पन्न हो गया। सूचना पर बिरौल और सिंघिया पुलिस फुलहारा चौक पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।


स्थानीय लोगों ने बताया कि फुलहारा चौक स्थित अपने साढू की पान दुकान पर फुलहारा पंचायत के पूर्व मुखिया नवीन झा के रिश्तेदार तथा चिमनी तथा बालू गिट्टी कारोबारी निरंजन कुमार झा पान खाने पहुंचे थे। उसी समय बैरमपुर पंचायत के मुखिया सरोज कुमार चौधरी भी कुछ लोगों के साथ पहुंचे। उन्हें देखने के बाद निरंजन ने मुखिया से अपने बकाये डेढ़ लाख रुपये की मांग कर दी। इससे आक्रोशित हो मुखिया निरंजन को गाली देने के साथ ही बकाये राशि नही लौटने की बात कहने लगे। जिसके बाद दोनों में हाथापाई के बाद मारपीट होने लगी।


उस समय निरंजन के समर्थकों ने मुखिया की निर्ममता से पिटाई कर दी। मारपीट की इस घटना के बाद चौक के दुकानदारों ने अपनी अपनी दुकानें बंद कर ली। इधर, मुखिया ने घटना की जानकारी अपने बड़े भाई तथा पूर्व मुखिया राजकुमार चौधरी को दी। वे कुछ देर बाद अपने सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच दूसरे पक्ष के लोगों को ललकारने लगे। उसी बीच बिरौल व सिंघिया थाने पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा बुझा कर शांत कराया। इस संबंध में ईंट भट्टा व्यवासायी निरंजन का आरोप है कि मुखिया उनका डेढ़ लाख रुपये सात साल से बकाया रखे हुए है। मांगने पर मारपीट करने लगे।


मुखिया सरोज चौधरी ने बताया कि निरंजन ने शराब के नशे में उनके साथ मारपीट की। इस संबंध में थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर केके मंडल ने बताया है कि मामले में किसी पक्ष ने प्राथमिकी के लिए अभी तक आवेदन नही दिया है। आवेदन आने पर समुचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शांति बनाये रखने के लिए पुलिस फुलहारा चौक पर तैनात है। मारपीट के बाद दोनों पक्षों में तनाव को देखते हुए मंगलवार को भी कई दुकानदारों ने अपनी दुकान नहीं खोली।





