समस्तीपुर। समस्तीपुर मुख्यालय में महिला सिपाही अर्चना कुमारी के खुदकुशी मामले की जांच की जिम्मेदारी अब एसआईटी को दी गई है। पूरे मामले की जांच पड़ताल के लिए एसपी विनय तिवारी ने गुरुवार को एसआईटी का गठन किया। साथ ही इस मामले की जांच पड़ताल करने का आदेश दिया। जानकारी एसपी विनय तिवारी ने समस्तीपुर पुलिस फेसबुक के माध्यम से दी है। बता दे की गया जिले के निवासी सुमन कुमार एवं उनकी पत्नी अर्चना कुमारी समस्तीपुर जिला पुलिस बल में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे।


सुमन कुमार जहां पिछले कई महीने से निलंबित हैं। वहीं उनकी पत्नी अर्चना कुमारी की ड्यूटी 112 कंट्रोल रूम में लगाई गई थी। बुधवार की देर शाम अर्चना कुमारी ने ड्यूटी आवर में ही कंट्रोल रूम में पंखे से फंदे लगाकर खुदकुशी कर ली। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने गेट तोड़कर महिला सिपाही को निकाला और सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक डॉ एनके चौधरी ने महिला सिपाही को मृत घोषित कर दिया।


इस दौरान कंट्रोल रूम से है महिला सिपाही अर्चना कुमारी के द्वारा लिखित दो पन्ने का सुसाइड नोट भी पुलिस ने जब्त किया है। जिसमें सरकारी क्वार्टर खाली करने को लेकर तंग करने एवं प्रताड़ित करने का आरोप मेजर पर लगाया गया है। महिला ने यह भी लिखा है कि उनके पति निर्दोष हैं, इसके बावजूद उन्हें निलंबित करवा दिया गया। इसको लेकर एसपी से भी कई बार मुलाकात की गई, लेकिन उनकी बातों को ध्यान नहीं दिया गया। जिसके कारण वह काफी डिप्रेशन में थी।


इधर नगर पुलिस ने शव को जप्त कर पोस्टमार्टम कराया फिर महिला सिपाही के शव को उनके घर के लिए भेज दिया गया। घटना को लेकर पुलिस महकमा मे हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना यह है कि इस मामले में क्या कार्रवाई हो पाती है।





