पटना। बिहार के चार जिले में पुल निर्माण किया जाएगा। इसके तहत समस्तीपुर, भागलपुर, सहरसा और पूर्णिया में पुल का निर्माण होगा। इन जिलों में पुल निर्माण को लेकर पथ निर्माण विभाग ने इसकी प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इन पुलों के निर्माण की घोषणा समाधान यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की थी। करोड़ों की लागत से बनने वाले पुलों से जिले वासियों को काफी सुविधा होगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार समस्तीपुर के वारिसनगर प्रखंड के नागरबत्ती और हकीमाबाद प्रखंड के राजघाट पर पुल का निर्माण होगा। इस मद में 48 करोड़ 87 लाख खर्च किए जाएंगे। वर्ष 2023-24 में 19 करोड़ 55 लाख खर्च करने और 40 फीसदी काम पूरा करने की योजना है। जबकि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 29 करोड़ 34 लाख खर्च करने और शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।




भागलपुर में अमरपुर-बांका-एसएच 25 के 42वें किलोमीटर में पुल का निर्माण होगा। इस मद में 43 करोड़ 17 लाख खर्च होगा। वर्ष 2023-24 में 17 करोड़ 26 लाख खर्च कर 40 फीसदी काम पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। वर्ष 2024-25 में 25 करोड़ 90 लाख खर्च कर शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। सहरसा के खुजरदेवा चौक से डेंगराहीघाट के बीच कोसी नदी पर पुल का निर्माण होगा। इस मद में 414 करोड़ 74 लाख खर्च होगा। वर्ष 2023-24 में 165 करोड़ 89 लाख खर्च कर 40 फीसदी काम पूरा करने, वर्ष 2024-25 में 103 करोड़ 68 लाख खर्च कर 65 फीसदी काम पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। जबकि वर्ष 2025-26 में 145 करोड़ 16 लाख खर्च कर शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।



पूर्णिया में महानंदा नदी पर अभयपुर घाट के समीप एसएच 94 में बैसा से एनएच 31 के बीच 207 करोड़ 75 लाख की लागत से पुल का निर्माण किया जाएगा। वर्ष 2023-24 में 83 करोड़ 10 लाख खर्च कर 40 फीसदी काम पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। जबकि वर्ष 2024-25 में 124 करोड़ 65 लाख की लागत से शत-प्रतिशत कार्य पूरा किया जाएगा। पूर्वी चम्पारण के पताही प्रखंड में महमदा गांव पुनी क्षतिग्रस्त पुल का निर्माण होगा। इस मद में सात करोड़ 28 लाख खर्च होगा।





