समस्तीपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा रविवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पूरे देश के 508 स्टेशनों के पुनर्विकास का शिलान्यास किया। इसके तहत समस्तीपुर मंडल में भी 12 स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए शिलान्यास किया गया। इसके लिए इसमें लगभग 1005 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। समस्तीपुर स्टेशन पर पीएम के वर्चुअल शिलान्यास कार्यक्रम में सांसद प्रिंसराज, भाजपा एमएलसी डॉ तरुण कुमार, नगर निगम के उप मेयर रामबालक पासवान, एडीआरएम मनीष कुमार, डीडीसी अखिलेश कुमार सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए समस्तीपुर मंडल के एडीआरएम मनीष कुमार ने कहा कि समस्तीपुर मंडल में 12 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जाएगा। अमृत भारत योजना के तहत चयनित स्टेशनों पर यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएगी। सुचारू आवाजाही के लिए लिफ्ट और एस्केलेटर के अलावा आधुनिक सुविधाओं से युक्त कॉनकोर्स, वेटिंग रूम और रिटेल क्षेत्र विकसित किए जाएंगे हैं। साथ ही यात्रियों के आगमन-प्रस्थान एवं वाहन पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाएगी है।

सांसद प्रिंसराज ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में व रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव की देखरेख में भारतीय रेल आधुनिकीकरण की दिशा में और भारत सरकार के न्यू इंडिया के सपने को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। देशभर में रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय प्रतिष्ठानों के रूप में विकसित करने का काम तेजी से किया जा रहा है। इसी कड़ी में समस्तीपुर रेल मंडल में 12 स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य का शिलान्यास किया गया है। इसमे यात्रियों की आधुनिक सुविधाओं के अलावे अन्य प्रकार के कार्यो को शामिल किया गया है।

सांसद ने कहा कि भारत सरकार द्वारा शुरू की गई अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर के 1309 रेलवे स्टेशनों का अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकास करने की योजना है। भारतीय विविधता की भव्यता को प्रदर्शित करते हुए इन पुनर्विकसित स्टेशनों पर नई अत्याधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ मौजूदा सुविधाओं का उन्नयन किया जाएगा और आवश्यकतानुसार बदलाव किया जाएगा।

बतादें की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उपलब्ध करायी जाने वाली सुविधाओं में अनावश्यक संरचनाओं को हटाकर रेलवे स्टेशनों तक सुगम पहुंच, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, बेहतर कॉनकोर्स एरिया, उन्नत पार्किंग, दिव्यांगजन अनुकूल बुनियादी ढांचा एवं हरित ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण अनुकूल भवन आदि शामिल है। स्टेशन डिज़ाइन में निम्न बिंदुओं का विशेष ध्यान रखा गया है। इसमे स्टेशनों का ‘सिटी सेंटर’ के रूप में विकास। शहर के दोनों तरफ प्रवेश/निकास द्वार।

स्टेशन भवनों का सुधार/पुनर्विकास। अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं का प्रावधान। यात्री आवागमन हेतु सुगम व्यवस्था। यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर तरीके से डिज़ाइन किए गए साइनेज बोर्ड। रेलवे भूमि एवं परिसंपत्तियों का समुचित सदुपयोग का प्रावधान। स्थानीय कला और संस्कृति को प्राथमिकता। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इन स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा, सुगमता व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार स्टेशन भवन, प्रवेश एवं निकास द्वार, फुटओवर ब्रिज, कॉनकोर्स, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, दिव्यांग सुविधाओं, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता व्यवस्था, पहुंच पथ, संकेत एवं निर्देश बोर्ड, ट्रेन डिस्प्ले और उद्घोषणा प्रणाली, सौंदर्यीकरण आदि से जुड़े आवश्यक विकास कार्य किए जाएंगे ।

इस योजना के अंतर्गत समस्तीपुर मंडल के दरभंगा स्टेेशन का 340 करोड़ रुपए, सीतामढ़ी स्टेशन का 242 करोड़ रुपए, बापूधाम मोतिहारी स्टेशन का 205 करोड़ रुपए की लागत से स्टेशनों का पुनर्विकास किया जाएगा। यह तीनों स्टेशनों का विकास विश्वस्तरीय होगा। यात्रियों की सुविधाओं की पूरी तरह से आधुनिक व्यवस्था उपलब्ध होगी। मॉल व होटल की भी सुविधा होगी।

इसके अलावे सगौली स्टेशन का 23.3 करोड़ रुपए, नरकटियागंज स्टेशन का 29.3 करोड़ रुपए, सहरसा स्टेशन का 41 करोड़ रुपए, समस्तीपुर स्टेशन का 24.1 करोड़ रुपए, सलौना स्टेशन का 22.3 करोड़ रूपए, बनमनखी स्टेशन का 21.5 करोड़ रूपए, मधुबनी स्टेशन का 20 करोड़ रुपए, सकरी स्टेशन का 18.9 करोड़ रुपए तथा जयनगर स्टेशन का 17.5 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकास कार्य किया जाना है।





