समस्तीपुर/उजियारपुर। उजियारपुर ब्लॉक के अंगारघाट थाना क्षेत्र के बिरनामा पंचायत की महिला सरपंच मीरा देवी को घर में घुस बदमाशों ने जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने सरपंच के पति व पंचायत के उपमुखिया नथुनी राय का भी सिर फोड़ कर जख्मी कर दिया। दोनों को सदर अस्पताल समस्तीपुर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

इस घटना को बदमाशों ने शुक्रवार देर रात अंजाम दिया। घटना की सूचना पर अंगारघाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंच सरपंच व उपमुखिया को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। इस संबंध में सरपंच के पति व उप मुखिया नथुनी राय ने बताया कि गांव में सुरेन्द्र राय की लड़की की शादी के लिए विभूतिपुर के तरूनिया से बारात आयी थी।

बाराती व सरातियों में डांस करने के विवाद में मारपीट होने की सूचना पर वे शादी स्थल पर गये और उपद्रव मचा रहे लड़कों को डांट फटकार कर स्थिति को नियंत्रित करने के बाद शादी शुरू करवा घर चले आये।

उसी बीच अचानक गांव के ही करीब आधा दर्जन बदमाश पिस्तौल, लाठी, लोहे का रड आदि लेकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने के साथ उन पर हमला कर दिया। हल्ला सुन घर में सो रही पत्नी सरपंच मीरा देवी बचाने निकली तो बदमाशों ने उन्हें भी पीटकर जख्मी कर दिया।

इसके बाद सभी पिस्टल लहराते हुए चले गये। इधर मामले में अंगारघाट थाना के अपर थानाध्यक्ष लालजी राम ने बताया कि पुलिस घटना की स्ूचना पर घटनास्थल पर पहुंच जख्मी पति व पत्नी को को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। मामले में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

बिरनामा के उपमुखिया नथुनी राय पर इससे पहले भी दो बार जानलेवा हमला हो चुका है। शुक्रवार रात हुआ हमला तीसरी बार हुआ है। उप मुखिया नथुनी राय ने बताया कि तीन माह पूर्व अप्रैल में भी गांव के लोगों ने एक जमीन विवाद को सुलझाने के दौरान हमला कर जख्मी किया था।

इसी प्रकार एक वर्ष पूर्व रात के अंधेरे में अज्ञात बदमाशों ने इफ्तार पार्टी से लौटने के दौरान मारपीट कर जख्मी कर दिया था। मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। लेकिन अब तक किसी भी मामले में किसी बदमाशों की गिरफ्तारी नही हो पाई है।






