समस्तीपुर। स्वास्थ्य विभाग के द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत परिवार कल्याण कार्यक्रम अंतर्गत जिले के मुखियों को एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। शहर के बनारस स्टेट परिसर में आयोजित प्रशिक्षण का उद्घाटन सीएस डॉ. एसके चौधरी ने की। बिथान, विभूतिपुर एवं दलसिंहसराय प्रखंडों के मुखियों को प्रशिक्षण दिया गया।

प्रत्येक दिन तीन-तीन प्रखंडों को प्रशिक्षण के लिए बुलाया जा रहा है। इस दौरान सीएस ने कहा कि परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत अनुश्रवण एवं जागरुकता के लिए पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका अहम है।

ग्राम पंचायतों में ग्राम स्वास्थ्य समिति एवं ग्राम सभा के माध्यम से समुदाय को जागरुक करने एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से जनप्रतिनिधियों का विषयगत क्षेत्रों में समय-समय पर क्षमता संवर्गध किया जाता है। ताकि क्षेत्रों में लोगों को स्वास्थ्य केंद्रों पर मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बताया जा सके।

परिवार कल्याण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अहम है। वो पंचायतों में ग्राम सभा या क्षेत्र भ्रमण के दौरान लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देंगे, ताकि परिवार कल्याण कार्यक्रम सफलतापूर्वक हो सके।

मौके पर डीएमओ डॉ. विजय कुमार, डीसीएम आशा अनिता कुमारी, डीक्यूएसी डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।







