समस्तीपुर। चार जुलाई से सावन मास के शुरु होने को लेकर आईआरसीटीसी ने भी श्रद्धालुओं के लिए नयी व्यवस्था करने का निर्णय लिया है। सावन मास में श्रद्धालुओं की सुविधा का ख्याल रखते हुए आईआरसीटीसी क्षेत्रीय कार्यालय पटना के अंतर्गत सभी आईआरसीटीसी अधिकृत यूनिटों में अन्य व्यंजनों के अलावा बिना लहसुन व प्याज की भोजन की भी व्यवस्था की गयी है। साथ ही इन यूनिटों पर फलाहार के लिए फल की भी उपलब्धता रहेगी। इसको लेकर आवश्यक दिशा निर्देश जारी किया गया है। इस संबंध में आईआरसीटीसी के क्षेत्रिय प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि पूर्व मध्य रेल अंतर्गत आईआरसीटीसी ने अपने सभी यूनिट पर यह नयी व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।

इसके तहत स्टेशनों पर संचालित फास्ट फूड, फूड प्लाजा एवं रिफ्रेशमेंट रुम में अन्य व्यंजनों के अलावे बिना लहसून प्याज के भोजन की भी व्यवस्था की है। बिना लहसून प्याज के भोजन को बनाने में सभी आवश्यक साफ-सफाई तथा रख -रखाव की उचित व्यवस्था की जाएगी। ताकि सावन मास में श्रद्धालुओं को कोई खानपान में परेशानी नहीं हो सके।

यात्रा के दौरान अगर कोई श्रद्धालु ट्रेनों में भी बिना लहसून प्याज के भोजन एवं फलों की मांग करते हैं, तो उन्हें भी यह सुविधा दी जाएगी। इसके लिए यात्रियों को आईआरसीटीसी के ई कैटरिंग के माध्यम से ऑन लाइन ऑर्डर करना होगा। जिसके बाद अगले स्टेशन पर उन्हें भोजन या फल उपलब्ध कराया जाएगा।

आईआरसीटीसी ने यात्री की सुविधा के लिए नो बिल नो पेमेंट की सुविधा को लागू की है। साथ ही इसकी मॉनिटरिंग करते हुए सभी स्टॉल पर भी इस सख्ती से लागू किया गया है। साथ ही यात्रियों को भी बिना बिल पेमेंट नहीं करने को लेकर जागरुक कर रही है।

अगर कोई बिल नहीं देता है तो पेमेंट करने से मना कर दें। साथ ही इसकी शिकायत आईआरसीटीसी को ऑन लाइन करने केसाथ ही रेलवे के हेल्प लाइन नंबर 139 पर भी शिकायत कर सकते हैं।







