चलती ट्रेन में गेट पर स्टंट बाजी करते युवा, पायदान पकड़ कर व गेट पर पैर लटकाए यात्रा के दौरान हो रहे हादसे

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। रेलवे में यात्रा के दौरान सतर्क एवं सजग रहते हुए यात्रा करने की हिदायत दी जाती है। पूछताछ केंद्र से भी एनाउंसमेंट किया जाता है। इसके बावजूद यात्रा के दौरान युवा यात्री स्टंटबाजी करते से बाज नहीं आते हैं। चलती ट्रेन में पैर लटकाकर या पायदान पकड़कर यात्रा करने से बाज नहीं आ रहे हैं। वहीं चलती ट्रेन में सेल्फी लेने एवं रिल्स बनाने के लिए भी गेट पर तरह-तरह से पोज दे रहे हैं। जिसके कारण आए दिन यात्री जख्मी हो रहे हैं। लेकिन ट्रेन के गेट पर बैठकर यात्रा करते देखे जा रहे हैं। पिछले दिनों समस्तीपुर में दो यात्री दुर्घटनाग्रस्त होकर इलाजरत हैं। पिछले सप्ताह मधुबनी के लखनौर प्रखंड के एक यात्री शहीद एक्सप्रेस से अमृतसर जा रहे थे। उक्त यात्री शहीद एक्सप्रेस में गेट पर पैर लटकाकर यात्रा कर रहे थे। जब ट्रेन समस्तीपुर पहुंची, फिर भी युवक पैर लटकाए था। इसी दौरान ट्रेन प्लेटफार्म पर इंट्री की और युवक का पैर प्लेटफार्म के दीवाल से टकराकर जख्मी हो गया।

ऐसे ही उजियारपुर के एक यात्री का पैर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उक्त यात्री दरभंगा से गंगासागर एक्सप्रेस में पैर लटकाकर यात्रा कर रहे थे। समस्तीपुर में ट्रेन इंट्री के दौरान प्लेटफार्म के दीवार से टकरा कर पैर जख्मी हो गया। जिसके बाद आरपीएफ व जीआरपी ने जख्मी युवक को इलाज करवाया। फिर उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन पैर की स्थिति काफी खराब होने एवं हड्डी टूटने के कारण दोनों को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।

पिछले सप्ताह किशनपुर स्टेशन के पास चलती ट्रेन से एक महिला यात्री गिरकर गंभीर रुप से जख्मी हो गयी। बताया जाता है कि महिला यात्री गेट के पास खड़ी थी, इसी दौरान ट्रेन में झटका लगने से वह संतुलन खो दी और वह ट्रेन के नीचे झाड़ी में गिर गयी। जिसे स्थानीय लोगों ने वारिसनगर पीएचसी में भर्ती कराया। संयोग था कि समय पर इलाज होने के कारण महिला की जान बच गयी।

समर स्पेशल ट्रेन चलने के बावजूद ट्रेनों में बर्थ नहीं मिल रहा है। जिसके कारण दिल्ली, मुंबई, अमृतसर, हावड़ा, बेंगलूरु, लुधियाना आदि जाने वाली ट्रेनों में जेनरल कोच में काफी भीड़ होती है। जिसके कारण मजदूर एवं अन्य यात्री को गेट पर बैठकर यात्रा करने की मजबूरी होती है।

हालांकि कई ट्रेनों में यात्री अपनी सुरक्षा के लिए पायदान में गमछा व अन्य कपड़ा भी बांध देते हैं, ताकि वह ट्रेन से नीचे नहीं गिर सके।


समस्तीपुर से दरभंगा, रोसड़ा, बरौनी व मुजफ्फरपुर रेलखंड पर सवारी गाड़ी में युवा यात्रा के दौरान मस्ती करते हैं। बर्थ खाली होने के बावजूद सेल्फी व रिल्स बनाने के चक्कर में गेट पर खड़े होकर, पायदान पकड़कर या फिर पैर लटकाकर यात्रा करते हैं। जिसके कारण कई बार यात्री का मोबाइल भी नीचे गिर चुका है। जिसके बाद युवक वैक्यूम कर ट्रेन रोकने से भी बाज नहीं आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *