समस्तीपुर में तीन थानों के हॉक्स टीम को किया गया लाइन क्लोज, सर्वे व समीक्षा के बाद SP ने लिया निर्णय, कहा बदल दिए गए हॉक्स टीम के जवान

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर हॉक्स टीम में शामिल एक पुलिस कर्मी के द्वारा बस यात्री के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने के बाद एसपी विनय तिवारी ने बड़ी कारवाई की है। एसपी ने नगर, मुफस्सिल एवं मथुरापुर ओपी में कार्यरत सभी हॉक्स टीम को बदल दिया गया है। साथ ही उसके बदले अन्य पुलिस जवानों को शामिल कर हॉक्स टीम तैयार किया जा रहा है। जिसमें जवानों के पूर्व के क्रिया कलापों को भी देखा जा रहा है। एसपी विनय तिवारी ने बताया कि हॉक्स टीम के एक पुलिस कर्मी के द्वारा अमानवीय व्यवहार करने का मामला सामने आया। जिसके बाद सर्वे किया गया। फिर हॉक्स टीम को बदल दिया गया है।

SP ने कहा कि किसी भी स्तर पर पब्लिक के साथ अमानवीय व्यवहार एवं अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुराने हॉक्स टीम के बदले नए पुलिस जवानों को टीम में शामिल किया गया है। एसपी ने कहा कि अब समय-समय पर हॉक्स टीम के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही गोपनीय ढंग से सर्वे भी किया जाएगा। ताकि पुलिस की छवि बदनाम ना हो और इसमें जो भी दोषी पाएं जाएंगे, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

समस्तीपुर नगर, मुफस्सिल एवं मथुरापुर ओपी में कार्यरत हॉक्स टीम को एक साथ पुलिस केंद्र वापस कर दिया गया। इस बड़ी कार्रवाई से पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया है। वहीं अन्य थानों में कार्यरत हॉक्स टीम के कार्यों एवं व्यवहार की भी समीक्षा की जा रही है। फिलहाल  इन थानों में कार्यरत हॉक्स टीम के जवानों के कार्यों की समीक्षा एवं सर्वे करने के बाद यह कार्रवाई की गयी है।

शहरी क्षेत्र एवं उसके आसपास में क्राइम कंट्रोल करने को लेकर एसपी ने प्रमुख थानों में हॉक्स टीम का गठन किया था। जिसका मुख्य कार्य शहरी एवं संवेदनशील क्षेत्रों में गश्ती करते हुए प्रमुख व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, बैंकों आदि पर निगरानी करना था। ताकि किसी भी तरह की अपराधिक घटनाएं ना हो सके।

टीम बनने के बाद छिनतई की घटनाओं में कमी भी आयी। लेकिन हॉक्स टीम में शामिल कुछ पुलिस कर्मियों के क्रियाकलापों की शिकायत के बाद एसपी ने पूरी टीम को बदल दिया।


समस्तीपुर शहर के पटेल मैदान गोलंबर के पास पिछले शुक्रवार को चलती बस से एक यात्री ने गुटखा खाकर पीक फेंकी थी। जिसका छींटा हॉक्स टीम के जवान पर गिर गया। जिससे आक्रोशित होकर पुलिस जवान ने यात्री को बस से उतार कर चौराहे पर जमकर पिटाई कर दी।

साथ ही सरेआम थूक भी चटवाया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। जिसके बाद एसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए सदर डीएसपी को जांच करने का निर्देश दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *