यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। साइबर अपराध को रोकने के लिए पुलिस मुख्यालय के आदेश पर समस्तीपुर में साइबर थाना का उद्घाटन किया गया है। एसपी विनय तिवारी ने शुक्रवार को फीता काटकर व दीप प्रज्वलित कर साइबर थाने का उद्घाटन किया। समस्तीपुर में महिला थाना भवन के प्रथम तल्ले पर साइबर थाना का उद्घाटन करते हुए एसपी ने कहा कि अब इस थाने की जिम्मेदारी मुख्यालय डीएसपी अमित कुमार को दी गई है। वहीं अपर थानाध्यक्ष के रूप में इंस्पेक्टर कृष्ण प्रसाद को जवाबदेही दी गयी है। इसके अलावे तीन इंस्पेक्टर भी यहां अनुसंधानक के रूप में कार्य करेंगे। जबकि तीन सब इंस्पेक्टर, एक प्रोग्रामर और डेटा ऑपरेटर, एक चालक की भी नियुक्ति की गई है। थाना को वाहन भी उपलब्ध कराया गया है।

एसपी विनय तिवारी ने बताया कि बढ़ रहे साइबर अपराधों को देखते हुए गृह विभाग के आदेश पर समस्तीपुर जिले में भी साइबर थाने की शुरुआत कर दी गई है। जहां लोग ऑनलाइन ठगी, हैकिंग, पर्सनल डाटा का दुरुपयोग, बुलिंग, और ऑनलाइन थ्रेट जैसे मामलों से जुड़ी शिकायतें साइबर थाने में दर्ज करा सकते हैं।

यहां डीएसपी, इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर समेत एक्सपर्ट की टीम मौजूद रहेगी, जो सम्पूर्ण जिले में होने वाले साइबर क्राइम के मामलों का निष्पादन करेंगे और आम जनता के बीच मे साइबर क्राइम को लेकर जागरूक करने का भी कार्य करेंगे।

मौके पर सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय, नगर इंस्पेक्टर विक्रम आचार्या, मुफस्सिल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार सिंह, सदर सर्किल इंस्पेक्टर देवेंद्र प्रसाद यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।


बतादें कि समस्तीपुर में महिला थाना के ऊपर प्रथम तल पर साइबर थाना पूर्व से संचालित था। सरकार के द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद शुक्रवार को इसका विधिवत उद्घाटन किया गया।





