यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नही ले रहा है। इस कड़ी में बेलगाम ट्रक ने एक मछली व्यवसायी को कुचल दिया। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। उक्त मामला ताजपुर थाना क्षेत्र के राजधानी रोड में सोमवार की तड़के एक ई रिक्शा को ठोकर मारकर भाग रहे ट्रक ने मछली मंडी में एक मछली कारोबारी को कुचल डाला। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक समेत कोठिया होते हुए हाजीपुर की तरफ फरार हो गया। मृतक मछली कारोबारी थाना क्षेत्र के हरिशंकरपुर बघौनी वार्ड छह निवासी दरभंगी दास का पुत्र मनोज दास (45) बताया गया। घटना साढ़े पांच बजे सुबह की बताई जाती है।

बताया जाता है मछली कारोबारी राजधानी रोड किनारे मछली मंडी स्थित दुकान के सामने मछली की खरीद-फरोख्त कर रहा था। इतने में ताजपुर की तरफ से तेजगति से भाग रहे एक ट्रक ने उसे कुचल डाला। यह देख बाकी के लोग इधर उधर भागकर अपनी जान बचायी। उसके बाद लोगों ने लहूलुहान मछली कारोबारी को घटनास्थल से उठाकर ताजपुर अस्पताल लाए। जहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।

इस घटना से आक्रोशित लोग मछली मंडी में सड़क जाम करने पर उतारू हो गए। आक्रोशित परिजन व ग्रामीण ट्रक चालक पर हत्या की एफआईआर दर्ज करने, मृतक के आश्रित को पर्याप्त मुआवजा के साथ आपदा राहत का लाभ दिलाने की मांग करने लगे।

घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह एवं बीडीओ मनोज कुमार ने गघटनास्थल पर आकर समझा बुझाकर उचित कार्रवाई के आश्वासन देने पर लोग सड़क जाम नहीं करने पर राजी हुए। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया गया।







