यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत बीते 29 मई की शाम सीएसपी संचालक से लूटपाट और गोली मारकर हत्या मामले का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। एसपी विनय तिवारी ने पुलिस कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि गिरफ्तार अपराधी गांजा की तस्करी व नशा के लिए लूटपाट करता है। इसी कड़ी में उसने सीएसपी संचालक से लूटपाट किया और विरोध करने पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से घटना में प्रयुक्त दो पिस्टल समेत, पांच जिंदा कारतूस, दो किलो गांजा, दो बाइक और दो मोबाइल के अलावे 44 हजार से अधिक रुपये भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मुजफ्फरपुर जिला अंतर्गत पियर थाना क्षेत्र निवासी मुकेश ठाकुर और पांडव पासवान एवं चकमेहसी थाना क्षेत्र निवासी गणेश कुमार के रूप में बतायी गई है।

एसपी कार्यालय में सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए एसपी विनय तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी गांजा की तस्करी किया करते थे। रुपयों की कमी के बाद वे लोग लूटपाट की घटना को अंजाम देते थे। उन्होंने कहा कि पुलिस के द्वारा की गई विस्तृत पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने चकमेहसी, पूसा व वारिसनगर थाना क्षेत्र के सात लूट कांड व गोली कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

एसपी ने कहा कि कांड के सफल उद्भेदन को लेकर सदर डीएसपी के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया था। जिसमें नगर थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य, मुफ्फसिल थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह, पूसा थानाध्यक्ष चंद्रकांत गौरी,

चकमेहसी थानाध्यक्ष चंद्र किशोर टूड्डू, कल्याणपुर थानाध्यक्ष गौतम कुमार, डीआईयू शाखा से अनिल कुमार, राजन कुमार, राहुल कुमार एवं मुकेश कुमार शामिल थे। कांड के अनुसंधान में तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने वाले मिथिलेश कुमार

एवं अखिलेश कुमार को उनके बेहतर कार्य को लेकर पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं, उन्होंने बताया कि फरार चल रहे एक अन्य अपराधी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





