समस्तीपुर में सड़क हादसे के विरोध में एनएच 28 को किया जाम, यातायात ठप होने से बढ़ी परेशानी

यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के ताजपुर में कोल्ड स्टोरेज चौक एनएच 28 को जाम कर दिया गया है।
रविवार की सुबह एनएच 28 को जाम करने के कारण एनएच पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। जिसके कारण एनएच के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लग गई है। वही जाम में फंसे सैकड़ों लोग काफी परेशान नजर आ रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की देर शाम पिकअप व टोटो की टक्कर में टोटो में सवार एक महिला की मौत हो गयी। परिजनों ने मृतका के शव के साथ रविवार को एनएच 28 कोल्ड स्टोरेज चौक को जाम कर दिया है। मृतका बंगरा थाना क्षेत्र के गद्दोपुर गांव निवासी उमेश साह की पत्नी सीता देवी (42) बताई गई है।

एनएच जाम होने से मुजफ्फरपुर, पटना, समस्तीपुर मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। सड़क जाम की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी जाम स्थल पर पहुंच गई है। पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने बुझाने के प्रयास में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार ताजपुर थाना क्षेत्र के स्थानीय कोल्ड स्टोरेज चौक राजधानी रोड में शनिवार की देर शाम एक तेजगति पिकअप ने एक टोटो यात्री वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे टोटो पलटी खा गया और उसमें सवार एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

मौके पर मौजूद पुलिस गश्ती दल ने सभी को घटनास्थल से उठाकर ताजपुर अस्पताल में लाकर भर्ती कराया। जख्मी महिला की हालत नाजुक थी, जिसकी मौत हो गयी। टोटो में सवार लोग बंगरा थाना क्षेत्र के अवाबकरपुर एवं गद्दोपुर गांव के बताए जाते हैं। घटना के वक्त सभी ताजपुर से अपने घर जा रहे थे।


बता दें कि इन दिनों जिले में रफ्तार का कहर काफी बढ़ गया है। जिसके कारण प्रतिदिन लोगों की जान भी जा रही है। समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर, ताजपुर, सरायरंजन, मुसरीघरारी, दलसिंहसराय एवं उजियारपुर थाना क्षेत्र में एनएच के किनारे सड़क हादसे की घटनाएं काफी बढ़ गई है।

पिछले एक हफ्ता में 6 से अधिक लोगों की मौत सड़क दुर्घटना में हो चुकी है। वही दर्जन भर से अधिक लोग जख्मी होकर विभिन्न अस्पतालों में इलाजरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *