यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर/रोसड़ा। रोसड़ा आने के दौरान बीते 07 अप्रैल की शाम रोसड़ा के महथी गंडक पुल के समीप से लूट हुई स्कोर्पियो बरौनी पिपरा चौक के समीप एनएच 28 पर धूं-धूं कर जल गई । इस बात की जानकारी रोसड़ा थाना को तब हुई जब बरौनी थाना के द्वारा जली स्कोर्पियो के सत्यापन सिलसिले में वाहन ऑनर से संपर्क किया गया। इधर, खबर मिलते ही रोसड़ा थाना की टीम बरौनी पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया ।

नगर इंस्पेक्टर कृष्ण प्रसाद ने बताया कि छानबीन के क्रम में पता चला कि लुटेरों ने घटना को अंजाम देने के बाद रामपुरघाट होकर बरौनी की तरफ भाग निकले । बरौनी से बेगूसराय जाने के क्रम में एनएच 28 पर पिपरा चौक के समीप अचानक धू-धू कर जलने लगी । स्कोर्पियो में आग लगते ही उसमें सवार तीनों बदमाश भाग खड़े हुए ।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब आग की लपटें तेज उठनी लगी तो स्थानीय लोग आग पर काबू पाने को दौड़े । तब तक वाहन में सवार सभी लोग फरार हो चुके थे । देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गयी कि स्थानीय लोगों द्वारा आग पर काबू पाना संभव नहीं हो पाया । लोगों की सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड टीम के द्वारा आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक स्कोर्पियो पूरी तरह जल कर राख हो चुकी थी।

बरौनी थाना के द्वारा जले स्कोर्पियो को अपने कब्जे में ले लिया गया । फिलहाल स्कोर्पियो बरौनी थाना में लगी है । बदमाशों के मनसूबे पर पानी फिर गया है । नगर इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले में संलिप्त संदिग्धों की पहचान कर ली गयी है । बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए डीआईयू टीम वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिये उसका सुराग तलाशने में जुटी है । शीघ्र ही बदमाशों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी ।

रोसड़ा । बीते 07 अप्रैल को तीन युवकों में समस्तीपुर जंक्शन पर भाड़े पर एक स्कोर्पियो की । रोसड़ा के महथी गंडक पुल पहुंचते ही स्कोर्पियो में सवार युवकों ने चालक पर पिस्तौल तान दिया और उसे गाड़ी उतार स्कोर्पियो लेकर फरार हो गया था ।

इस मामले में स्कोर्पियो चालक समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर निवासी अशोक कुमार के आवेदन पर रोसड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी ।





