यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। भारतीय रेल की आईआरसीटीसी की पूर्वी जोन से पहली बार देखो अपना देश के तहत भारत गौरव ट्रेन की शुरुआत की जा रही है। भारत गौरव ट्रेन योजना के तहत भारतीय रेलवे रेल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 33 प्रतिशत रियायत पर यह सेवा प्रदान की जा रही है। रेल मंडल मुख्यालय के मंथन सभाकक्ष में प्रेस वार्ता में आईआरसीटीसी के संयुक्त महाप्रबंधक राजेश कुमार एवं मंडल सीनियर डीसीएम सीएस प्रसाद ने बताया कि यह ट्रेन ईसीआर के किउल, बरौनी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर आदि स्टेशन में 21 मई को पहुंचेगी।

उन्होंने बताया कि 20 मई को कोलकाता से खुलने वाली भारत गौरव ट्रेन पूर्व मध्य रेलके किउल, बरौनी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्रा, आरा, बक्सर और पंडित दन दयाल उपाध्याय स्टेशन पर रुकेगी। जहां तीथ यात्रियों को ट्रेन में सवार किया जाएगा। इस भारत गौरव ट्रेन के माध्यम से उज्जैन में श्री महाकालेश्वर ज्योर्तिर्लिंग एवं श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, विश्वामित्री में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, द्वारका में श्री नागेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं द्वारिकाधीश मंदिर, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, शिर्डी साई बाबा का दर्शन एवं नासिक श्री त्रयंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग व शनि शिंगनापुर मंदिर का दर्शन कराते हुए यह ट्रेन 31 मई को वापस लौटेगी।

तीन श्रेणी की होगी यात्रा:
संयुक्त महाप्रबंधक ने बताया कि इस ट्रेन में तीन श्रेणी की सुविधा दी गयी है। स्लीपर क्लास में प्रति यात्री 20060 रुपए, थ्री एसी में 31800 प्रति व्यक्ति एवं टू एसी में 41600 रुपये प्रति व्यक्ति टिकट दर निर्धारित है। इन यात्रियों को श्रेणी के हिसाब से होटलों में रात्री विश्राम किया जाएगा। जबकि सुबह, दोहपर और रात का भोजन, चाय, श्रेणी के हिसाब से बस, कोच में सुरक्षा गार्ड, सफाई, मेडिकल, टूर एस्कॉर्ट उपलब्ध होगा।

15 बुकिंग पर मिलेगी विशेष छूट:
आईआरसीटीसी के संयुक्त महानिदेशक ने कहा कि समस्तीपुर के यात्रियों के लिए विशेष छूट दी गयी है। अगर 15 यात्री एक साथ टिकट की बुकिंग करते हैं तो प्रति यात्री एक-एक हजार रुपए की छूट दी जाएगी। यात्री आईआरसीटीसी के साइट पर या फिर 9771440054 पर संपर्क कर टिकट की बुकिंग करवा सकते हैं।






