यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। रामेश्वर जूट मिल मुक्तापुर में गुरुवार को एक बार फिर प्रबंधन एवं श्रमिकों के बीच गतिरोध उत्पन्न होने के बाद 10:00 बजे दिन से मिल का संचालन बंद हो गया। श्रमिकों ने अपनी मांगों को लेकर प्रबंधन के कार्यालय के समीप हंगामा करने के साथ धरना एवं प्रदर्शन किया।

श्रमिकों के आक्रोश को देखते हुए सूचना पर कल्याणपुर थाने की पुलिस भी एसआई संजय कुमार के नेतृत्व में पहुंची। बाद में श्रम अधीक्षक नेहा आर्या भी जूट मिल पहुंची और श्रमिकों से वार्ता करने का प्रयास किया।

परंतु श्रमिकों के प्रतिनिधि एवं प्रबंधन के बीच वार्ता में कोई सकारात्मक नतीजा नहीं निकल सका। इस संबंध में मिल प्रबंधन ने कुछ भी बताने से परहेज किया जबकि श्रमिकों का नेतृत्व कर रहे पूर्व मुखिया रामबली महतो ने बताया कि प्रबंधन लगातार आश्वासन देने के बाद भी वादाखिलाफी कर रहा है। 2 अप्रैल तक करीब 250 श्रमिकों का रोका गया इश्योरेंस चालू कराने का प्रबंधन ने आश्वासन दिया था परंतु 3 अप्रैल बीत जाने के बाद भी 150 पुराने श्रमिकों का बीमा रोक दिया गया।

इससे श्रमिकों में आक्रोश है। श्रम अधीक्षक नेहा आर्य ने बताया कि श्रमिक संघों को 19 अप्रैल तक समय दिया गया है। सभी श्रमिकों से आवेदन की मांग की गई है ताकि वह अपना पक्ष रख सके। इन्हीं मांगों को लेकर श्रमिकों एवं प्रबंधन के बीच गतिरोध बरकरार है। गुरुवार को संतोषजनक वार्ता नहीं हो पाई।






