राज्य में सोशल मीडिया पर शुरू हुई निगरानी, सरकार ने सभी जिलों को किया अलर्ट

यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

पटना। राज्य के सभी जिलों को सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफॉर्म पर नजर रखने के लिए कहा गया है। इस मामले को लेकर पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों खासकर नालंदा और सासाराम से सटे सभी जिलों को विशेषतौर से अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। राज्य सरकार ने मुजफ्फरपुर, भागलपुर, गया, दरभंगा समेत कुछ अन्य जिलों में भी 50 से अधिक एकाउंट को चिह्नित कर कार्रवाई की गई है। ऐसा करने वाले लोगों की भी तलाश चल रही है। इनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सभी जिलों में कार्यरत साइबर क्राइम एवं सोशल मीडिया यूनिट (सीसीसीएमयू) को चौबीस घंटे सक्रिय रहकर फेसबुक, ट्वीटर, व्हाट्सएप समेत अन्य सभी मीडिया प्लेटफॉर्म पर चौकसी रखने के लिए कहा गया है। ताकि कोई भी संवेदनशील पोस्ट या संदेश वायरल नहीं हो सके। भड़काऊ या संवेदनशील या फर्जी पोस्ट की जांचकर उसे तुरंत बंद करने के लिए कहा गया है।

ऐसे सोशल मीडिया एकाउंट को तुरंत बंद करके इसके लिए दोषी संबंधित व्यक्ति के बारे में जानकारी एकत्र कर इनके खिलाफ तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हाल में बिहारशरीफ और रोहतास में हिंसक घटनाएं और उपद्रव होने के बाद फेसबुक एवं ट्वीटर पर कई फर्जी या दूसरे राज्यों में हुए दंगों के पुराने वीडियो डालकर इसे तेजी से वायरल किया जा रहा था। इससे कुछ खास वर्ग के लोगों के बीच गलत बातें फैलाकर हिंसा भड़काने की कोशिश की गई। इसके मद्देनजर दोनों शहरों में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। अब तक ऐसे करीब दो-तीन दर्जन एकाउंट को ब्लॉक करके वीडियो को हटाने की कार्रवाई की गई है।

पुलिस मुख्यालय के स्तर पर भी फेसबुक, ट्वीटर, व्हाट्सएप समेत अन्य सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की बारीकी से स्कैनिंग की जा रही है। अफवाह फैलाने वाले ऐसे खातों को बंद करके संबंधित लोगों की पहचान करने का काम किया जा रहा है। इन लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। इस काम में साइबर एक्सपर्ट की पूरी टीम को लगाया गया है। अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि इस तरह का फर्जी वीडियो वायरल करने वाले कुछ लोग इन स्थानों में नहीं रहते हैं।

बल्कि, किसी दूसरे स्थान से वे ऐसे पोस्ट डाल रहे हैं। फिलहाल इस मामले की गहन जांच चल रही है। पुलिस मुख्यालय ने सोशल मीडिया से जुड़े तमाम यूनिट को खासतौर से जांच के काम में लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *