अमित शाह ने कहा कि बिहार की महागठबंधन की सरकार बुरी नीयत व नीति वाली है

यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

नवादा। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व देश के गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि बिहार में लोकसभा की सभी 40 सीटों पर कमल खिलेगा। लोकसभा प्रवास के तहत रविवार को नवादा के हिसुआ इंटर कॉलेज में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने यह दावा किया। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि समग्र बिहार आज चिंता कर रहा है कि नवादा के बगल में बिहारशरीफ में आग लगी है। सासाराम में आग लगी है। मुझे चिंता हो रही है। वर्ष 2024 में देश में मोदीजी को पूर्ण बहुमत दीजिए। वर्ष 2025 में बिहार में हमारी सरकार बनाएं।

हम तुष्टीकरण को नहीं मानते। वोट बैंक की राजनीति नहीं करते हैं। शाह ने कहा कि बिहार की महागठबंधन की सरकार बुरी नीयत व नीति वाली है। यह बैड यानी भ्रष्टाचार का बी, अराजकता का ए और दमन का डी वाली सरकार है। इस बैड सरकार को उखाड़ फेंकना है। इसलिए जनता स्पष्ट रूप से यह निर्णय कर बैठी है। नवादा में भी नरेन्द्र मोदी का कमल खिलने वाला है। रैली की भीड़ बता रही है कि मोदीजी बिहार की सभी 40 सीटें जीतने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सहयोगी ही रोज नीतीश कुमार का विरोध कर रहे हैं। आधे एमपी भाजपा का दरवाजा खटखटा रहे हैं। किसी के मन में यह संशय हो कि चुनाव परिणाम के बाद नीतीश कुमार को फिर से भाजपा एनडीए में लेगी तो स्पष्ट कह देना चाहता हूं और ललन सिंह को भी बता देना चाहता हूं कि आपलोगों के लिए भाजपा के दरवाजे हमेशा के लिए बंद हो चुके हैं।

आरोप लगाया कि जातिवादी करने वाले नीतीश कुमार, जंगलराज के प्रणेता लालू प्रसाद के साथ भाजपा कभी भी राजनीतिक रूप से सफर नहीं कर सकती है। गृह मंत्री ने कहा कि यह वादाखिलाफी करने वाली सरकार है। सत्ता के लिए लालू के बेटे ने नीतीश कुमार को न जाने क्या-क्या कहा, मगर नीतीश कुमार पीएम बनने के मोह में उनके साथ चले गए। जिस सरकार में जंगलराज के प्रणेता लालू प्रसाद की पार्टी उपस्थित हो, वह सरकार बिहार में शांति ला सकती है क्या? नीतीश बाबू सत्ता के लिए लालू के साथ चले गए। मेरी कोई ऐसी मजबूरी नहीं है। जनता के बीच हम जाएंगे और जन-जन को जागरूक करेंगे और महागठबंधन सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।

मौके पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह,अश्विनी चौबे , राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी,विजय कुमार सिन्हा, सुशील मोदी, रितुराज सिन्हा, मंगल पांडेय मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *