यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। रोसड़ा थाना क्षेत्र में बीते 30 मार्च की रात थाना क्षेत्र के बटहा में हुए तेजाब कांड का पीड़ित संजीत अपनी दोनों आंखें गवां चुका है। संजीत के पिता खैरा निवासी अजबलाल महतो ने बताया कि फिलहाल उसका इलाज नेपाल के लहान में चल रहा है। उसकी दोनों आंखें बुरी तरह जल चुकी थी। चिकित्सक ने ऑपरेशन कर बायीं आंख निकाल दी है। सोमवार को दायीं आंख भी ऑपरेशन से निकाली जानी है। चिकित्सकों ने बताया है कि अभी जख्म भरने में लंबा वक्त लगेगा। जख्म भरने के बाद ही आंख के प्रत्यारोपण के बारे में कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल संजीत की दुनिया अंधेरी हो चुकी है।

परिवार की माली हालत भी इतनी अच्छी नहीं है कि परिजन संजीत का बेहतर और अत्याधुनिक तरीके से इलाज करा सके। परिजन सरकारी सहायता या फिर किसी स्वयंसेवी संस्था व सामाजिक संगठन से उम्मीद लगाए बैठे हैं कि कोई मददगार अगर हाथ बढ़ाएं, तो उनके बेटे की जिंदगी संवर जाएगी। इधर, मामले को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी है । वहीं मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी जारी है।

रोसड़ा तेजाब कांड मामले के तीन दिन बीत जाने के बाद भी अब तक एक भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाने पर सीपीआई ने नाराजगी जतायी है। सीपीआई अंचल सचिव अनिल कुमार महतो ने घटना की भर्त्सना करते हुए कहा कि यह मानवता को शर्मसार करने वाला कृत्य है।

इसकी जितनी निंदा की जाय उतनी कम है। पुलिस अब तक इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। तीन दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पायी है। उन्होंने कहा कि अगर शीघ्रता शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो सीपीआई परिजन के साथ आगे की लड़ाई लड़ेगी।






