समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंघिया बुजुर्ग दक्षिण शिवनाथपुर से अपने ही सुहाग की हत्या कर दी गयी है। विभूतिपुर पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान सिंघिया बुजुर्ग दक्षिण शिवनाथपुर वार्ड 04 निवासी स्वर्गीय जागेश्वर सिंह के 40 वर्षीय पुत्र राम बहादुर सिंह के रूप में बतायी गई है। वहीं पुलिस ने आरोपी पत्नी ललिता देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने कहा कि पारिवारिक विवाद में पत्नी की पिटाई से उसकी मौत हुई है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि मृतक राम बहादुर सिंह मंगलवार की रात्रि शराब के नशे में घर आया। इसके बाद पति पत्नी में विवाद उत्पन्न हुआ। फिर क्या था पत्नी ने खंती, लोहे की रॉड से पीट-पीटकर पति की हत्या कर दी। बताया जाता है कि मृतक शराबी था। जिसके कारण अक्सर पति पत्नी के बीच विवाद होता था।

बता दें कि मृतक के 2 पुत्र अभिषेक कुमार 7 वर्ष एवं ऋषि कुमार 4 वर्ष के हैं। वहीं, विभूतिपुर थाना पुलिस के द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया है। वहीं, विभूतिपुर थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि हत्या पीट-पीटकर की गई है। मृतक की पत्नी ललिता देवी को गिरफ्तार किया गया है। पत्नी के द्वारा ही आपसी विवाद में पिटाई किए जाने से मौत हुई है। पुलिस मामले की तलाश कर रही है।





