स्टेशन आने से पहले ट्रेन रोककर हो रही थी शराब की तस्करी, 3 गिरफ्तार

समस्तीपुर। बिहार में शराब बंदी के बावजूद शराब तस्करी के लिए तरह-तरह की योजना बनाकर धंधेबाज शराब की तस्करी करने में लगे हैं। इसको लेकर सड़क मार्ग से लेकर रेल मार्ग तक शराब की तस्करी की जा रही है। इस दौरान समस्तीपुर दरभंगा व समस्तीपुर मुजफ्फरपुर रेलखंड पर सिगनल से छेड़छाड़ लाल किया जाता है। साथ ही सिगनल लाल होते ही ट्रेन रुकती है तो शराब तस्कर शराब की खेप की सप्लाई कर देता है। इसी सूचना पर सोमवार की सुबह समस्तीपुर मुजफ्फरपुर रेलखंड पर 53 नंबर गुमती के पास बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन से शराब की खेप उतार कर भाग रहे तीन युवकों को रंगेहाथ पकड़ लिया गया। इस दौरान एक युवक के पास से बाइक भी बरामद की गयी। गिरफ्तार आरोपी में वारिसनगर थाना के बाबूपुर के रवि कुमार सिंह, निखिल कुमार एवं विशाल कुमार सिंह शामिल है। बताया जाता है कि दो युवक शराब लेकर ट्रेन से उतर गया और तीसरा युवक रेलवे ट्रैक किनारे बाइक से खड़ा था। जिस पर शराब लोड किया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने तीनों को दबोच लिया। पुलिस टीम ने इसके पास से 35 बोतल विदेशी शराब के साथ एक बाइक भी बरामद की है। छापेमारी टीम में आरपीएफ इंस्पेक्टर वेद प्रकाश वर्मा, उप निरीक्षक पीके चौधरी, एएसआई शशिकांत तिवारी, सीआईबी के एएसआई रवि कुमार सिंह, उत्पाद विभाग के एसआई कुमार गौरव सहित अन्य शामिल थे। आरपीएफ पोस्ट पर जांच के बाद आरोपी युवक व शराब को उत्पाद विभाग ले गया और उत्पाद थाना में तीनों के विरुद्ध मामला दर्ज किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *