दरभंगा। समस्तीपुर रेल मंडल में जयनगर से नई दिल्ली तक चलने वाली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस द बर्निग ट्रेन बनने से बाल-बाल बच गई। बताया जाता है कि सोमवार की शाम लहेरियासराय स्टेशन से ट्रेन के खुलते ही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के के पैंट्रीकार कोच के ब्रेकवाइंडिंग में धुंआ उठने लगा। फिर आग लग गई।आग की लपटें तेज होने लगी। फिर सूचना मिलते ही ट्रेन के चालक ने तत्काल ट्रेन को रोक दिया ट्रेन के रुकते ही उसमें आग लगने की सूचना पर यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल हो गया रात के अंधेरा होने के बावजूद दर्जनों यात्री ट्रेन से ताबड़ तोड़ नीचे उतर गए। घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन में रखे फायर सेफ्टी फागिंग मशीन के द्वारा आग पर कंट्रोल करने का प्रयास किया गया। कर्मियों की काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह कंट्रोल कर लिया गया। हालांकि आग लगने की घटना की सूचना पर आसपास के ग्रामीण व फायर ब्रिगेड भी घटनास्थल पहुंच गई थी। लेकिन तब तक रेल कर्मियों की सूझबूझ से आग को पूरी तरह काबू कर लिया गया। घटना सोमवार की शाम लगभग 8:00 बजे की बताई गई है। आग बुझने के बाद ब्रेक वाइंडिंग की मरम्मत की गई। फिर ट्रेन को समस्तीपुर के लिए रवाना किया गया। घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।





