समस्तीपुर/पूसा। डॉ.राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विवि में आयोजित तीसरे दीक्षान्त समारोह की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके लिए ईख अनुसंधान संस्थान, पूसा परिसर में विशाल पंडाल का निर्माण किया गया है। जिसे आकर्षक रूप दिया गया है। मंगलवार को आयोजित दीक्षान्त समारोह को लेकर कुलपति डॉ पीएस पांडेय, कुलसचिव डॉ मृत्युंजय कुमार समेत अन्य डीन डायरेक्टरों ने सोमवार को स्टेज रिहर्सल भी किया। दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर मौजूद रहेंगे। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलास चौधरी, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद्, नई दिल्ली के महानिदेशक हिमांशु पाठक मौजूद रहेंगे। समारोह की अध्यक्षता कुलाधिपति प्रो. प्रफुल्ल कुमार मिश्र करेंगे। इस समारोह के दौरान 15 गोल्ड मेडल सहित कुल 635 छात्रों को कृषि स्नातक, पीजी, पीएचडी की डिग्री दी जाएगी।
समारोह में इसके अलावा विवि प्रशासनिक भवन परिसर में नवनिर्मित 100 फीट ऊंचे फ्लैग पोस्ट पर झंडा फहराने की तैयारी में भी है। इसके अलावा समारोह के दौरान परिसर में करीब आधे दर्जन विकास योजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास को लेकर शिलापट लगाया गया है। वही अतिथियों के आगमन व प्रस्थान के रास्ते में हार्डिंग व कटआउट लगाए गए है। अतिथियों के स्वागत में की गई तैयारियों को देख लोग यह कहते से नही थक रहे है की ऐसी तैयारी पहले कभी नहीं देखी गई। विवि के कुलपति स्वयं सभी कार्यों का मॉनिटरिंग कर रहे है।







