बहादुरपुर में स्कॉलरशिप परीक्षा आयोजित, 10 मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ चयन

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk:  शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत बल्लीपुर पंचायत के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बहादुरपुर ठनका में सोमवार को डॉक्टर कलाम फाउंडेशन फॉर रूरल डेवलपमेंट सह पब्लिक लाइब्रेरी शिवाजीनगर की ओर से स्कॉलरशिप परीक्षा-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के एचएम अवधेश कुमार चौधरी ने की।

जबकि संचालन पूर्व बीआरपी सह एचएम बालमुकुंद सिंह ने किया। परीक्षा का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित कर उनकी आगे की पढ़ाई में सहयोग करना है। परीक्षा में वर्ग आठ के कुल 75 नामांकित छात्र-छात्राओं में से 30 ने भाग लिया। इसमें 10 छात्र-छात्राओं का चयन मासिक छात्रवृत्ति के लिए किया गया।

आयोजन में भवन निर्माण विभाग पटना के उपसचिव ललित कुमार सिंह, शिशिर सिन्हा एवं जितेंद्र कुमार मालाकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के संयोजक एचएम अवधेश कुमार चौधरी थे। परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को तीनों गांव के प्रायोजकों की ओर से प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाएगी।

ठनका गांव के प्रायोजक शिशिर सिन्हा की ओर से सुप्रिया भारती को 71 अंक पर 500 रुपये, शालिनी कुमारी को 62 अंक पर 400 रुपये, राखी कुमारी एवं लक्ष्मी कुमारी को 61-61 अंक पर 300-300 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। वहीं बहादुरपुर गांव के प्रायोजक भवन निर्माण विभाग, पटना के उपसचिव ललित कुमार सिंह की ओर से सौरभ कुमार को 65 अंक पर 500 रुपये, अंजली कुमारी को 60 अंक पर 400 रुपये तथा शैलेश राज को 60 अंक पर 300 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाएगी।

इसी प्रकार हबका गांव के प्रायोजक जितेंद्र कुमार मालाकार की ओर से अनु कुमारी एवं पंकज कुमार को 62-62 अंक पर क्रमशः 500 और 400 रुपये तथा शिवांश कुमार पंडित को 60 अंक पर 300 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे।

आयोजकों के अनुसार यह परीक्षा पूरी तरह सामाजिक स्तर पर आयोजित की गई है। इसमें सरकार अथवा किसी सरकारी विभाग की कोई भूमिका नहीं है। मूल योजना के तहत बहादुरपुर, ठनका एवं हबका गांव से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को क्रमशः 500, 400 एवं 300 रुपये प्रतिमाह की दर से वर्ग नौ से 12वीं तक चार वर्षों के लिए प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है।

इसके लिए न्यूनतम 75 अंक लाना अनिवार्य निर्धारित किया गया था। चयनित बच्चों की छात्रवृत्ति राशि संबंधित गांव के प्रायोजक वहन करेंगे। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आर्थिक सहयोग देकर उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है।

*यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर SDO ने रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश – Doorbeen News*

यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर SDO ने रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *